“जब मेरे पति ने मुझे छोड़ दिया था, तब ये उलेमा कहां थे। ये उलेमा इस्लाम के नाम पर महिलाओं के हर काम को हराम बता देते हैं। ये बताइए महिलाएं जाएं तो कहां जाएं।” ये कहना है ‘हर-हर शंभू’ गाकर सुर्खियों में आईं इंडियन आइडल फेम फरमानी नाज का। फरमानी मुस्लिम हैं। हरिद्वार में जब उन्होंने ‘हर-हर शंभू’ गाना गाया तो देवबंद के उलेमाओं ने उनके खिलाफ नाराजगी जाहिर की। कहा, “इस्लाम में नाच-गाना हराम है।”
फरमानी नाज के यूट्यूब पर लाखों की संख्या में फैन हैं। वे इंडियन आइडल सीजन-12 में भी दिखाई दी थीं।
फरमानी उलेमाओं के फतवे पर कहती हैं, “मैं जिन तकलीफों से गुजरी हूं, उसका अंदाजा इन उलेमाओं को नहीं है। मेरा पति मेरे साथ बैठकर दूसरी लड़की से बात करता था। रोकने पर मुझे मारता था, यही नहीं एक पत्नी के होते हुए उसने दूसरी शादी कर ली, तब इन उलेमाओं को इस्लाम की याद क्यों नहीं आई।”


