साल के पहला चक्रवाती तूफान असानी ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में असर दिखाना शुरु कर दिया है। तेज हवाओं की वजह से मंगलवार को आंध्र के कई शहरों में बारिश ने दस्तक दे दी है। विशाखापट्टनम में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं, राज्य के श्रीकाकुलम, विजयानरगम, अनाकापल्ली, काकाइनाडा, कोनासीमा, पश्चिम गोदावरी, कृष्णा, गुंटूर, नेल्लौर में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
खराब मौसम की वजह से मंगलवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम एयरपोर्ट से उड़ान भरने और लैंड करने वाली 23 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी है। वहीं, चेन्नई एयरपोर्ट ने भी 10 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी है। इनमें हैदराबाद, विशाखापट्टनम, जयपुर और मुंबई जाने वाली फ्लाइट्स शामिल हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र भुवनेश्वर के मुताबिक, अगले 24 घंटे के अंदर ओडिशा के मल्कनगिरी, गजपति, गंजम और पुरी जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। मछुआरों को 13 मई तक समुद्र तट से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों में 90 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
असानी से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स…
- ओडिशा के गंजम जिले में मंगलवार को मछुआरों से भरी एक नाव पलट गई। हालांकि, सभी मछुआरे तैर कर किनारे पर आ गए। किसी भी अनहोनी की जानकारी नहीं मिली है।
- असानी के मद्देनजर पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने 10 से 12 मई तक के अपने दौरे को रद्द कर दिया है।
- खराब मौसम की वजह से कुर्नूल, बेंगलुरु और हैदराबाद से विशाखापट्टनम जाने वाली फ्लाइट्स को लौटा दिया गया है।
- आंध प्रदेश के तटीय इलाकों में रेस्क्यू के लिए NDRF (नेशनल डिडास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी) और SDRF (स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी) की टीम स्टैंडबॉय पर रखी गई है।
कल सुबह आंध्र के तट पर पहुंचेगा असानी
मौसम विभाग के मुताबिक, साइक्लोन असानी फिलहाल विशाखापट्टनम के तट से 310 किमी दक्षिण-पश्चिम दिशा में है। यह विशाखापट्टन के तट पर बुधवार सुबह दस्तक देगा। असानी पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों में अपना असर दिखाएगा। तूफान का असर बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में भी रहेगा। 11 से 13 मई तक यहां बारिश होगी, साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी।


