महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा और लाउडस्पीकर को लेकर शनिवार को दिनभर हंगामा हुआ। अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को खार पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। दोनों के खिलाफ अपने बयानों से धर्म, जाति के आधार पर विद्वेष फैलाने का आरोप है। दोनों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इधर, देर रात दोनों से मिलने खार पुलिस स्टेशन पहुंचे भाजपा नेता किरीट सोमैया की कार पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया। पुलिस स्टेशन से निकलते समय शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उनकी कार पर पत्थर, बोतलें और चप्पलें फेंकीं। हमले में सोमैया की कार का कांच टूट गया और उनके चेहरे पर चोट लगने से खून बहने लगा। सोमैया ने आरोप लगाया है उन पर जानलेवा हमले के बावजूद मामूली घटना की FIR दर्ज की गई है।
किरीट सोमैया ने आरोप लगाया कि जब वे राणा दंपती से मिलने खार पुलिस स्टेशन गए थे, तब पुलिस ने बड़ी संख्या में शिवसैनिकों को वहां जमा होने दिया। बाहर निकलते ही उन्होंने हमला कर दिया, जिसमें कार के शीशे टूटे और चेहरे पर जा लगे। किरीट ने आगे कहा- यह यह तीसरी बार है जब उद्धव ठाकरे के गुंडों ने मुझे मारने की कोशिश की है। पहली बार वाशिम में, दूसरी बार पुणे में और तीसरी बार खार पुलिस स्टेशन के सामने मेरी जान लेने की कोशिश की गई है।
देर रात BJP नेता मोहित कंबोज की गाड़ी पर शिवसैनिकों ने हमला किया है। यह हमला ‘मातोश्री’ के पास बांद्रा के कलानगर सिग्नल पर रात के करीब सवा नौ से साढ़े नौ के बीच हुआ। हमले के बाद शिवसेना सांसद विनायक राउत और वरुण सरदेसाई का कहना है कि मोहित कंबोज अपनी गाड़ी से उतरे क्यों? वो इसलिए उतरे क्योंकि उन्हें मातोश्री और कलानगर का रेकी करना था। वे वहां फोटो खींच रहे थे।
हालांकि, मोहित कंबोज का कहना है कि वो एक शादी अटेंड करके लौट रहे थे। मातोश्री के बाहर के इस रास्ते से रोज लाखों लोग सफर करते हैं। कलानगर के पुल के पास कमलानगर के सैंकड़ों शिवसैनिकों ने उन पर हमला किया। मोहित कंबोज ने कहा कि अगर मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स जैसे इलाके में इस तरह की घटना होती है तो महाराष्ट्र सरकार के लिए यह शर्म की बात है।


