Monday, December 8, 2025

महाराष्ट्र के बीड में कोरबा के दो मजदूरों की मौत:फैक्ट्री जाते समय गन्ने से भरे ट्रैक्टर से टकराई स्कॉर्पियो, तीन घायल

महाराष्ट्र के बीड जिले में हुए एक सड़क हादसे में कोरबा के दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी बाकी मोगरा थाना क्षेत्र के निवासी थे और महाराष्ट्र में एक फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे।

मृतकों की पहचान सुशांत प्रसाद केवट (पिता लक्ष्मण प्रसाद केवट, पत्ता कुदरी पारा मंदिर चौक, बाकी मोगरा) और प्रशांत सिंह (पिता तारा सिंह, जंगल साईड, बाकी मोगरा) के रूप में हुई है। इस हादसे में सनी चव्हाण, विशाल शाबू और राजा यादव घायल हुए हैं, ये सभी भी बाकी मोगरा के ही निवासी हैं।

यह हादसा बुधवार देर रात महाराष्ट्र के बीड जिले में हुआ। पांचों मजदूर एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर कोरबा से महाराष्ट्र स्थित एक फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे। उनकी स्कॉर्पियो गन्ने से भरे एक ट्रैक्टर से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो ट्रैक्टर के पिछले हिस्से में घुस गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सुशांत प्रसाद और प्रशांत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घायल सनी चव्हाण, विशाल शाबू और राजा यादव को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

महाराष्ट्र पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें एंबुलेंस से कोरबा के लिए रवाना किया। शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे जब मृतकों के शव बाकी मोगरा पहुंचे, तो उनके घरों के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा थे।

घायलों को भी एंबुलेंस से कोरबा लाया गया है। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घायल युवकों ने फोन पर कोरबा में अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उनके गृह क्षेत्र बाकी मोगरा में हड़कंप मच गया।

.

Recent Stories