रूस-यूक्रेन जंग का आज 22वां दिन हो गए हैं। रूसी सेना राजधानी कीव के काफी नजदीक पहुंच गई है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पहली बार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को ‘वॉर क्रिमिनल’ बताया है। बाइडेन के बयान को रूस के खिलाफ अमेरिका के रुख में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। बाइडेन प्रशासन अब तक यूक्रेन हमले को वॉर क्राइम कहने से बचता रहा है।
उधर, अमेरिकी रिपोर्ट का दावा है कि 20 दिन की लड़ाई में रूस 7000 से ज्यादा सैनिक खो चुका है, जिनमें तीन जनरल भी शामिल हैं। उसके 14 से 21 हजार के बीच में सैनिक बुरी तरह घायल हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि रूसी सैनिकों का मनोबल बुरी तरह टूट चुका है और वे लड़ने के बजाय वाहन खड़े कर घूमते देखे जा रहे हैं।
- व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अमेरिका की तरफ से यूक्रेन को 600 स्टिंगर एंटीएयरक्राफ्ट मिसाइल और 2,600 जैवलिन एंटीटैंक मिसाइल दी गई हैं।
- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस और यूक्रेन में जल्द सीजफायर हो सकता है। दोनों देश एक समझौते के करीब पहुंच गए हैं। इसमें यूक्रेन रूस को नाटो में शामिल न होने का भरोसा देगा।
- नाटो के सेक्रेट्री जनरल अपने मिलिट्री कमांडर्स को पूर्वी यूरोप में ज्यादा सेना तैनात करने का डिटेल्ड प्लान बनाने के लिए कहा है। इसे रूस पर दबाव बनाने की रणनीति माना जा रहा है।
- रूस ने बुधवार को ब्रिटिश न्यूज वेबसाइट BBC को अपने यहां ब्लॉक कर दिया। रूसी विदेश मंत्रालय ने इसे पश्चिम की तरफ से शुरू की गई ‘इंफार्मेशन वॉर’ में रूसी जवाब की शुरुआत बताया।
- यूक्रेन का दावा है कि मेलिटिपोल सिटी के मेयर इवान फेडोरोव को रूसी सेना की हिरासत से छुड़ा लिया है। फेडोरोव का 11 मार्च को रूसी सेना ने अपहरण कर लिया था।
- अमेरिका ने उत्तरी ब्लैक-सी में रूसी नेवी के वॉरशिप्स की तरफ से यूक्रेनी शहर ओडेशा के करीबी इलाकों में बमबारी करने की जानकारी दी है।
-
रूस ने मारियुपोल में एक ड्रामा थिएटर और एक स्वीमिंग पूल ‘नेप्ट्यून’ पर हवाई बमबारी की है। इन दोनों जगह पर 1,000 से ज्यादा आम नागरिक शरण लिए हुए थे, जिनमें से 80 फीसदी बच्चे और महिलाएं थीं।
मारियुपोल सिटी काउंसिल के मुताबिक, मरने वालों की संख्या की जानकारी अभी तक नहीं मिल सकी है, लेकिन बमबारी में दोनों जगह बुरी तरह ध्वस्त हो गई हैं। इससे बड़े पैमाने पर महिलाओं-बच्चों के मारे जाने की आशंका है। हालांकि, रूसी रक्षा मंत्रालय ने हमले से इनकार किया है और बमबारी का आरोप यूक्रेन समर्थक मिलिशिया अजोव बटालियन पर लगाया है।


