Wednesday, February 18, 2026

पूर्व प्रेमी ने महिला पर किया जानलेवा हमला:पाटन के बाजार में दिनदहाड़े हुई वारदात, इससे पहले महिला के बच्चे को अगवा भी कर चुका है आरोपी

दुर्ग जिले में एक महिला के ऊपर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमला महिला के पूर्व प्रेमी ने किया है। हमले के बाद महिला को गंभीर हालत में पाटन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पाटन पुलिस ने धारा 307 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पाटन थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी से मिली जानकारी के अनुसार घायल महिला का नाम आखरा (35 साल) है। वह पाटन में ही रहकर वहां संचालित मां चंडी रेस्टोरेंट में काम करती है। आरोपी नेमीचंद साहू (38 साल) महिला का पूर्व प्रेमी है। आरोपी राजिम नवापारा का रहने वाला है। 26 मार्च शनिवार की सुबह आखरा अनमोल बाजार पाटन के पास से गुजर रही थी। तभी वहां अचानक नेमीचंद आ गया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती उसने महिला के ऊपर हसिया से वार कर दिया। इससे उसके पीठ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है। आसपास मौजूद लोगों ने महिला को गंभीर हालत में पाटन अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

आरोपी महिला के बच्चे को पूर्व में कर चुका है अगवा

पुलिस के मुताबिक महिला के दो छोटे बच्चे हैं। महिला इससे पहले राजिम रहती थी। महिला का पति न होने से उसकी पहचान नेमीचंद से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। इसी दौरान महिला का नेमीचंद से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद वह अपने बच्चों को लेकर पाटन आकर रहने लगी थी। नेमीचंद के कहने के बाद भी जब महिला ने उससे संबंध रखने से मना कर दिया तो ढाई महीने पहले नेमीचंद ने महिला के बच्चे को अगवा कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने उसके घऱ से बच्चे को बरामद किया था।

.

Recent Stories