Friday, February 20, 2026

न्यूयॉर्क में 2 सिख युवकों पर हमला:डंडे से पीटा, पगड़ी भी उतरवाई; 10 दिन के भीतर ऐसी दूसरी घटना, सिख नेता बोले- अमेरिका में हेट क्राइम बढ़ा

न्यूयॉर्क में रिचमंड हिल के पास 2 सिख युवकों पर हमले का वीडियो सामने आया है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उस पर हेट क्राइम के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। इसी जगह पर 10 दिन पहले भी एक सिख युवक पर हमला हुआ था।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कुछ लोगों ने सड़क पर चलते सिख युवकों को पहले डंडे से पीटा और फिर उनकी पगड़ी उतार दी। घटना के बाद पुलिस के जवान जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी भाग निकले। मौके पर सिख संगठन से जुड़े लोकल लीडर भी पहुंचे और उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारे लगाए।

दोषियों की जानकारी शेयर करें लोग: अटॉर्नी जनरल
न्यूयॉर्क के अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स ने ट्वीट कर इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। अगर आम लोगों के पास कोई भी जानकारी हो, तो उसे पुलिस से शेयर करें। दोषियों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। इंडियन एम्बेंसी ने घटना को लेकर न्यूयॉर्क पुलिस और लोकल अथॉरिटी से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

न्यूयॉर्क असेंबली में पहली सिख महिला मेंबर जेनिफर राजकुमार ने ट्वीट कर कहा कि यह अलार्मिंग सिचुएशन है। अमेरिका में सिख कम्युनिटी के खिलाफ हेट क्राइम के केस बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा रिचमंड हिल इलाके में ही 10 दिन पहले इस तरह की घटना हुई थी, फिर भी पुलिस सतर्क नहीं हुई।

बता दें कि स्टॉप हेट अगेंस्ट एशियन अमेरिकंस कैंपेन पोर्टल पर मार्च 2020 से जून 2021 के बीच हेट क्राइम के 9,081 केस दर्ज हुए हैं। इनमें 4,548 वर्ष 2020 के और 4,533 केस 2021 में दर्ज हुए। 2020 में हेट क्राइम के बढ़ते मामले को देखते हुए अमेरिकन एजेंसी FBI ने इनकी जांच करने की बात कही थी।

.

Recent Stories