नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार लगातार दूसरे दिन कार्रवाई की है। ED ने दिल्ली की हेराल्ड बिल्डिंग में स्थित यंग इंडिया कंपनी का ऑफिस सील कर दिया है। मनी लॉन्ड्रिंग केस में जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई की है। मंगलवार को ही ED की टीम ने सुबह से देर शाम तक नेशनल हेराल्ड के दिल्ली, मुंबई और कोलकाता समेत 16 ठिकानों पर छापे मारे थे। यह कार्रवाई सोनिया और राहुल से पूछताछ के बाद की गई थी।
बड़े अपडेट्स…
- कांग्रेस दफ्तर के साथ सोनिया और राहुल गांधी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ी।
- बिना इजाजत के दफ्तर न खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
- जयराम रमेश, मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन कांग्रेस दफ्तर पहुंच गए हैं।
- कुछ ही देर में ईडी कांग्रेस दफ्तर पहुंच सकती है।
कांग्रेस का बयान, गांधी के अनुयायी लड़ के जीतेंगे
सत्य की आवाज नहीं डरेगी पुलिसिया पहरों से। गांधी के अनुयायी लड़ के जीतेंगे इन अंधेरों से। नेशनल हेराल्ड का ऑफिस सील करना, कांग्रेस मुख्यालय को पुलिस पहरे में कैद करना तानाशाह की डर और बौखलाहट दोनों दिखाता है, लेकिन महंगाई और बेरोजगारी के सवाल तो फिर भी पूछे जाएंगे।
जयराम रमेश बोले- दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस दफ्तर को घेरा
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के घरों को घेर लिया है। यह बदले की राजनीति का सबसे खराब रूप है, लेकिन हम चुप नहीं बैठेंगे। कांग्रेस लगातार मोदी सरकार के अन्याय और विफलताओं के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।


