दो मंत्रियों के इस्तीफे से ब्रिटेन में सियासी संकट:ऋषि और साजिद का इस्तीफा, PM जॉनसन पर भी पद छोड़ने का दबाव बढ़ा

ब्रिटेन में बोरिस जॉनसन सरकार के दो मंत्रियों के अचानक इस्तीफा देने से सियासी संकट बढ़ गया है। वित्त मंत्री ऋषि सुनक और स्वास्थ्य सचिव साजिद जाविद ने मंगलवार देर रात इस्तीफा दे दिया। इसके बाद पहले से ही विवादों में घिरे ब्रिटिश PM की मुश्किलें और बढ़ेंगी। उन पर भी पद छोड़ने का दबाव बढ़ गया है।

दोनों मंत्रियों के हटने के बाद जॉनसन ने नादिम जाहवी को नया वित्त मंत्री नियुक्त किया है। वहीं, ब्रिटिश कैबिनेट के चीफ ऑफ स्टाफ स्टीव बार्सले को स्वास्थ्य सचिव की जिम्मेदारी दी है।

इस्तीफे की वजह

सुनक ने PM को एक लेटर भी लिखा। कहा कि वह सरकार छोड़ने से दुखी हैं, लेकिन वह मंत्री पद पर इस तरीके से काम नहीं कर सकते। वहीं, जाविद ने लगातार हो रहे घोटालों के बाद जॉनसन की शासन करने की क्षमता पर सवाल उठाए। जॉनसन पर सांसद क्रिस पिंचर को डिप्टी चीफ व्हिप नियुक्त करने को लेकर भी आरोप लग रहे हैं। पिंचर ने सेक्शुअल मिसकंडक्ट की शिकायतों के बाद गुरुवार को इस्तीफा दिया था।

जॉनसन ने मंगलवार को माना कि पिंचर को सरकार में शामिल करने का उनका फैसला गलत था। इसके लिए उन्होंने माफी भी मांगी। PM के माफी मांगने के कुछ मिनट के बाद ही दोनों मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया।

ऋषि सुनक ने कहा- जनता उम्मीद करती है कि सरकार सही ढंग से और गंभीरता से चलाई जाएगी। मेरा यह आखिरी मंत्री पद हो सकता है, लेकिन मेरा मानना ​​है इन मानकों के लिए हमें लड़ाई लड़नी चाहिए। इसलिए मैं इस्तीफा दे रहा हूं।

साजिद ने कहा- लगातार हो रहे घोटालों के बाद मेरा PM जॉनसन के सरकार चलाने की क्षमता पर भरोसा नहीं रहा। जनता और सांसदों को जॉनसन की देश हित में शासन करने की क्षमता पर विश्वास नहीं रहा। जाविद ने PM जॉनसन को लिखे लेटर में कहा- मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है, लेकिन साफ दिखाई दे रहा है कि आपके नेतृत्व में हालात नहीं सुधरने वाले, इसलिए आपने मेरा भरोसा भी खो दिया है।

.

Recent Stories