Monday, December 8, 2025

देखिए, रोप-वे पर कैसे टकराई थीं ट्रॉलियां:एक पर्यटक बना रहा था VIDEO, अचानक हुई टक्कर और मच गई चीख-पुकार

झारखंड के देवघर में त्रिकुट पहाड़ पर रोप-वे हादसे का वीडियो तीन दिन बाद सामने आया है। यह वीडियो एक पर्यटक ने ट्रॉली के अंदर से शूट किया है। इसमें साफ दिख रहा है कि ट्रॉलियां एक-एक करके आ रही हैं। अचानक तेज आवाज आती है और चीख-पुकार मच जाती है। पर्यटक का मोबाइल ट्रॉली के अंदर गिर जाता है। ट्रॉली के अंदर से चिल्लाने की आवाज आती है।

रविवार को शाम 4 बजे यह हादसा हुआ था। माना जा रहा है कि ट्रॉलियों की टकराने की वजह रोलर का खराब होना था। इसके चलते कुछ ट्रॉलियां गिर पड़ीं। जबकि दूसरे हिस्से की ट्रॉलियां हवा में ही अटक गईं। 13 ट्रॉलियों में 48 पर्यटक फंस गए। इसके बाद तीन दिन तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा। इसमें आईटीबीपी, सेना, एनडीआरएफ और स्थानीय बचावकर्मी शामिल हुए। रस्सी के सहारे भी कुछ लोगों को निकाला गया।

बाद में वायुसेना के दो MI-17 हेलिकॉप्टर की मदद से 2500 फीट ऊंचाई पर फंसे लोगों को बचाने का ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ लोग 45 घंटे तक हवा में ट्रॉलियों पर फंसे रहे। रेस्क्यू के दौरान हेलिकॉप्टर और ट्रॉली से गिरकर दो लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कुल 3 लोगों की मौत हुई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए।

रोप-वे हादसे में फंसे लोगों की जान बचाने वालों में पन्नालाल का नाम चर्चा में है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे उनसे बात करने वाले हैं। पन्नालाल पेशे से त्रिकुट पहाड़ पर गाइड का काम करते हैं। वह त्रिकुट पहाड़ के पास के ही रहने वाले हैं। दुर्घटना के बाद उन्होंने रस्सी और कुर्सी के सहारे रोप-वे में फंसे 10 से 11 लोगों को ट्रॉली से नीचे उतारा था

झारखंड पुलिस हेडक्वार्टर की जांच रिपोर्ट सामने आई है। इसमें त्रिकुट रोप-वे हादसे के पीछे रोलर में खराबी को कारण बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक एक रोलर खराब हुआ, जिससे एक ट्रॉली दूसरी से जाकर टकरा गई, जिससे इतना बड़ा हादसा हो गया।

रस्सी (रोप) मजबूत थी। मार्च में ही इसकी बेहतरी का प्रमाण पत्र मिला था। हालांकि यह हादसा क्यों और कैसे हुआ, इसकी पूरी जानकारी तब सामने आएगी, जब इसकी विधिवत उच्च स्तरीय जांच होगी। जल्द ही सरकार के आदेश पर उच्च स्तरीय जांच शुरू होने वाली है।

.

Recent Stories