झाड़ियों में मिली युवक की लाश….सड़क हादसे में मौत की आशंका, जांच में जुटी पुलिस…

कोरबा// कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक मुकेश कंवर की मौत हो गई। वह दर्री सीएसईबी कॉलोनी का निवासी था और उसके पिता जगदीश कंवर सीएसईबी कर्मचारी हैं। यह घटना सीएसईबी मिनी हाइडल पावर प्लांट के पास हुई।

 

जानकारी के अनुसार, मुकेश अपनी ओला स्कूटी पर सवार होकर दर्री कॉलोनी से कोरबा की ओर जा रहा था। सड़क किनारे झाड़ियों में उसकी स्कूटी गिरी हुई मिली, जबकि युवक का शव कुछ दूरी पर झाड़ियों में पड़ा मिला। राहगीरों ने उसे तत्काल बाहर निकाला और उपचार के लिए एनटीपीसी अस्पताल पहुंचाया।

देखिए तस्वीरें

सड़क हादसे में मौत की आशंका

एनटीपीसी अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मुकेश को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है, जिसमें किसी भारी वाहन की चपेट में आने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। शव को एनटीपीसी अस्पताल की मर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया था, जिसे बाद में पोस्टमार्टम के लिए कटघोरा अस्पताल भेजा गया।

मृतक मुकेश कंवर दर्री स्थित एक निजी पावर प्लांट कंपनी में कार्यरत था। उसकी शादी नहीं हुई थी।

दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

.

Recent Stories