चंडीगढ़ के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में बच्चों पर गिरा पेड़:10वीं की छात्रा की मौत, 19 बच्चे घायल; 250 साल पुराना हेरिटेज-ट्री था

चंडीगढ़ के सेक्टर 9 स्थित कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में पीपल का पेड़ गिरने से 16 साल की एक छात्रा की जान चली गई। हादसे में 19 बच्चे घायल भी हुए हैं। स्कूल की 40 साल की एक महिला अटेंडेंट भी घायल हुई हैं। घटना शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे की है। उस समय बच्चे लंच कर रहे थे। वहीं जानकारी मिली है कि घटना में एक स्टूडेंट की बाजू बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसे काटना पड़ा है।

मृत छात्रा की पहचान हिराक्षी के रूप में हुई है, जो सेक्टर 43 में रहती थी। वह दसवीं कक्षा की स्टूडेंट थी। अपने परिवार में वह सबसे छोटी बेटी थी। घटना की जानकारी पाकर उसके परिजन शिमला से चंडीगढ़ के लिए निकल पड़े हैं। दो दिन पहले ही वह शिमला गए थे।

हादसे में जान गंवाने वाली हिराक्षी को इलाज के लिए गवर्नमेंट मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल (जीएमएचएच) 16 से पीजीआई शिफ्ट किया गया था। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर किया। वहीं हादसे में घायल 11 अन्य बच्चों का इलाज जीएमएसएच 16 में चल रहा है। डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज (DHS) की देखरेख में बच्चों का इलाज हो रहा है।

4 अन्य बच्चों को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल और 2 को सेक्टर 34 के मुकुट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना में घायल महिला अटेंडेंट शीला(40) और एक बच्चे को जीएमएसएच 16 से पीजीआई शिफ्ट किया गया है। जानकारी के मुताबिक यहां अटेंडेंट की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे पीजीआई के इमरजेंसी से आईसीयू में शिफ्ट किया गया है।

.

Recent Stories