एक्शन में सीएम भूपेश बघेल, CMO सस्पेंड:बलरामपुर के कुसमी में गरीबी रेखा से नाम कटने की शिकायत मिली, मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई की

प्रदेश के विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर निकले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का एक्शन शुरू हो गया है। दौरे की शुरुआत ही कार्यवाही से हुई है। बलरामपुर जिले के कुसमी में एक महिला के गरीबी रेखा से नाम काटे जाने की शिकायत मिली। इस पर मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत अधिकारी को तत्काल निलंबित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के कहते ही रायपुर से निलंबन का आदेश भी जारी हो गया।

मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर दोपहर में बलरामपुर जिले के कुसमी में उतरा। इस दौरान उन्होंने शासकीय उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने दुकान संचालक का रजिस्टर देखकर स्टॉक का मिलान किया। वहीं राशन लेने आए लोगों से भी इसकी पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने खुद राशन तौलकर वहां आए लोगों को वितरित किया। इस दौरान शशिकला नाम की एक महिला ने गरीबी रेखा से उसका नाम काटे जाने की शिकायत की। उसने बताया, उसके पास कमाई का निश्चित जरिया नहीं है। वह राशन कार्ड के लिए भटक रही है। शिकायत पर फौरन कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने कुसमी नगर पंचायत के सीएमओ को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा, लगातार हिदायत के बावजूद भी अगर जनता को परेशान होना पड़ेगा तो कार्यवाई निश्चित है, इतना समझ लें। मुख्यमंत्री के निर्देश के आधे घंटे के भीतर ही नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी एसके दुबे को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।

.

Recent Stories