नौतपा से पहले दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, UP, हरियाणा और बिहार में मानसून का ट्रेलर दिखने लगा है। लगातार दूसरे दिन राजधानी दिल्ली में धूल भरी आंधी चलने के साथ बारिश हुई, जिसके वजह से विस्तारा और इंडिगो ने कई फ्लाइट्स की उड़ान को टाल दिया। बारिश होने की वजह से तापमान में 3-4 डिग्री औसत की गिरावट हुई है।
वहीं, केदारनाथ में भारी बारिश और बर्फबारी के चलते सोनप्रयाग में केदारनाथ यात्रा को रोक दिया गया है। रुद्रप्रयाग सर्किल ऑफिसर प्रमोद घिल्डियाल का कहना है कि फाटा और गौरीकुंड से हेलीकॉप्टर सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे तक रुक-रुक कर बारिश होगी। इस दौरान 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। विभाग ने ओलावृष्टि का भी अनुमान जताया। वहीं बारिश होने की वजह से उत्तर-पश्चिमी भाग में तापमान में 3-4 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है।