फरीदाबाद: ओल्ड फरीदाबाद इलाके में कुछ लोगों ने एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवक की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
हमले में बुरी तरह से घायल अंशुल (19) को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों के परिजनों का आरोप है कि अंशुल को पिछले दिनों इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी मिली थी। जिसकी शिकायत उन्होंने थाने में की थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपियों ने अंशुल को पहले तो घर से बुलाया और फिर उसे पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि, अंशुल उनके इरादे को समझ चुका था और वह बचने के लिए भागा। आरोपियों ने उसका पीछा किया और जैसे ही अंशुल गिरा तो उन्होंने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस ने पहले कार्रवाई की होती तो अंशुल आज जिंदा होता।


