रायपुर के टिकरापारा हनुमान मंदिर के पास रहने वाली एक महिला के घर में चोरी हो गयी। चोर ने महिला के कमरे के पीछे दरवाजे से एंट्री की और अलमारी का ताला खोलकर गहने पार कर दिए। इस घटना के 10 दिन बाद पुलिस एफआईआर दर्ज किया है। यह पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
पीड़ित संस्कृति परिहार ने फिर में बताया कि वह हनुमान मंदिर टिकरापारा के पास की रहने वाली है। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ दुर्ग में रहती हैं। 15 अक्टूबर को उनके देवर प्रफुल्ल सिंह परिहार ने बताया कि उनके कमरे की अलमारी खुली हुई है और सामान इधर-उधर फैला हुआ है। किसी ने घर के अंदर घुसकर चोरी कर ली है।
चोर ने पीछे दरवाजे से की एंट्री
उन्होंने आगे पुलिस को बताया कि उन्होंने कमरे को अंतिम बार 12 अक्टूबर को लॉक किया था। उसके बाद उनके देवर को 3 दिन बाद इस पूरी घटना का पता चला। इस बीच किसी ने कमरे के पीछे दरवाजे से ताला तोड़कर एंट्री की और आलमारी से चाबी को खोल लिया। उसके बाद उन्होंने ज्वेलरी बॉक्स में लगे ताले को भी खोल दिया।
22 नग गोल्ड ज्वेलरी पार
जानकारी के मुताबिक, चोर ने एक नग सोने का रानी हार, दो नग गोल्ड नेकलेस सेट, 3 नग सोने की चेन, 7 नग सोने की अंगूठी, एक नग सोने का सिक्का, एक नग सोने की बिंदिया, 2 नग सोने का कंगन, 1 जोड़ी कान की बाली, 2 जोड़ी सोने की टॉप्स, दो नग गेहूं दाना समेत कुल 22 नग गोल्ड ज्वेलरी चोरी कर ली। FIR के मुताबिक इन गहनों की कीमत 90 हजार रुपए के करीब है।

घर की चोरी में 10 दिन तो वही दुकान में चोरी में 7 दिन बाद दर्ज की थी FIR
दरअसल ये मामला 12 अक्टूबर से 15 अक्टूबर के बीच का है। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार रात 8 बजे FIR दर्ज किया है। टिकरापारा थानेदार दुर्गेश रावटे ने कहा कि महिला के यहां गहने चोरी में पीड़िता को परिवार वालों पर ही शक है। जिस वजह से वे पहले आपस में एक दूसरे के साथ चर्चा कर खोजबीन में व्यस्त थे। फिर उन्होंने 10 दिन बाद आकर शिकायत की। इस म्ममले में चोर की तलाश जारी है।
इसी प्रकार 30 सितंबर 2023 को टिकरापारा इलाके के धरम नगर में एक टाईल्स की दुकान पर चोरी हुई थी। जिसमें चोरों ने दर्जनों नल पार कर दिए थे। इसके बाद पुलिस ने दुकान मालिक अमित घोड़ासर की शिकायत पर घटना के 7 दिन बाद चोरी की रिपोर्ट दर्ज की थी। हालांकि इस मामले में पुलिस ने एक चोर को गिरफ्तार कर समान बरामद करने में सफलता पाई है।


