सर…1 महीने पहले मेरा गौना हुआ है। छुट्टी नहीं मिलने के चलते पत्नी नाराज है। बार-बार कॉल काट दे रही है। ज्यादा फोन करने पर मां को पकड़ा देती है। इसलिए मुझे 7 दिनों की छुट्टी दे दें। लीव एप्लिकेशन में यह दर्द है यूपी पुलिस के सिपाही गौरव चौधरी का। गौरव अभी महाराजगंज जिले में तैनात हैं। नेपाल बॉर्डर पर ड्यूटी होने के चलते उनको छुट्टी मिलने में दिक्कत आती है।
लीव एप्लिकेशन पढ़ने के बाद अधिकारी ने गौरव को 5 दिनों की छुट्टी दे दी। इसी दौरान इस एप्लिकेशन की किसी ने फोटो ले ली। अब यह एप्लिकेशन सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
2016 बैच का है सिपाही गौरव चौधरी
गौरव चौधरी 2016 बैच का सिपाही है। उसकी तैनाती नौतनवां थाना क्षेत्र में PRV पर है। सिपाही ने अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) से एप्लिकेशन देकर छुट्टी मांगी है। इसमें उसने अपने गौना और पत्नी की नाराजगी का जिक्र किया। यह भी लिखा, “मेरा पिछले माह गौना हुआ है। विदाई के बाद मैं पत्नी को घर पर छोड़कर ड्यूटी पर चला आया। अब छुट्टी नहीं मिल रही है। इससे पत्नी नाराज है। कॉल तक रिसीव नहीं कर रही है।”

सिर्फ यही नहीं, लीव एप्लिकेशन में पत्नी से किए वादे का भी जिक्र किया। लिखा, “मैंने पत्नी को वादा किया था कि भतीजे के जन्मदिन पर 10 जनवरी को घर जरूर आऊंगा। इसलिए आपसे निवदेन है कि 10 जनवरी से लेकर 7 दिनों तक कैज़ुअल लीव अप्रूव करने की कृपा करें। आपका आभारी रहूंगा।”
ASP ने 5 दिन की लीव अप्रूव की
ASP आतिश कुमार सिंह ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी जरूरत के मुताबिक लीव दी जाती है। इस बात का भी ध्यान दिया जाता है कि लीव के चलते शांति व्यवस्था में कोई व्यवधान न हो पाए। यानी स्टाफ ज्यादा कम न हो पाए। सिपाही गौरव की लीव एप्लिकेशन पर 5 दिनों की छुट्टी मंजूर की गई है।


