बिहार के पांच जिलों में रामनवमी की शोभायात्रा के बाद हिंसक झड़प हुई है। नालंदा के बिहार शरीफ और सासाराम में दो दिन से फायरिंग और बमबाजी हो रही है। नालंदा में गोली लगने से एक की मौत हुई है, जबकि दोनों जगहों पर 38 लोग घायल हैं। बिहार शरीफ, सासाराम और गया में 125 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यहां पैरा मिलिट्री की 10 कंपनियां भेजी गई हैं।
भागलपुर और गया में भी विवाद हुआ है। मुंगेर में भी शनिवार की रात मूर्ति विसर्जन को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट और पथराव हुआ। पुलिस ने लाठीचार्ज करके मामले को संभाला। पुलिस के मुताबिक सभी जगहों पर स्थिति नियंत्रण में है।
सासाराम पुलिस ने बताया कि शनिवार रात नौ बजे बम विस्फोट में छह लोग घायल हो गए। जांच में पता चला है कि इनके पास ही बम था। दो को गिरफ्तार किया है। तीन घायलों को बीएचयू में भर्ती कराया गया है। झोपड़ी से एक स्कूटी मिली है।
इधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिंसा के बारे में राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से फोन पर बात की। उनसे प्रदेश की कानून व्यवस्था की जानकारी ली। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह ने केंद्र सरकार की तरफ से बिहार में एडिशनल फोर्स भेजने को लेकर बात की।बिहार में आज शाम तक केंद्रीय अर्धसैनिक बल भेज दिए जाएंगे।


