विनेश-संगीता फोगाट, साक्षी रिहा, बजरंग हिरासत में:बैरिकेड्स लांघकर संसद की ओर जाते वक्त पकड़ा था, जंतर-मंतर से पहलवानों के टेंट उखाड़े

संसद की नई बिल्डिंग के सामने पुलिस और धरना दे रहे पहलवानों के बीच झड़प हो गई। पहलवान बैरिकेड्स लांघकर नई संसद की तरफ जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोका और बजरंग पूनिया, विनेश-संगीता फोगाट, साक्षी मलिक सहित अन्य को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने धरना स्थल जंतर-मंतर पर लगे टेंट, कुर्सियां और दूसरा सामान हटाकर शाम 4 बजे उसे पूरी तरह खाली कर दिया।

इसके बाद शाम 7.15 बजे कुछ पहलवानों को छोड़ दिया गया। विनेश फोगाट ने कहा कि मुझे, संगीता फोगाट और साक्षी मलिक को रिलीज कर दिया गया है। बजरंग पूनिया अभी भी पुलिस की हिरासत में हैं। हमने पुलिस को कहा कि बिना किसी लीगल प्रोसीजर के हमें अंदर नहीं रख सकते तो वे बोले कि हमें कानून मत सिखाओ।

महिला पहलवानों को हिरासत में लेने के दौरान की तस्वीरें।
महिला पहलवानों को हिरासत में लेने के दौरान की तस्वीरें।

दरअसल, 34 दिन से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवान रविवार को नई संसद के सामने महिला महापंचायत में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इस महापंचायत की अनुमति नहीं दी थी। पहलवानों ने इसके बावजूद महापंचायत का आयोजन किया और संसद की तरफ जाने लगे। इस पर उनका पुलिस के साथ टकराव हो गया।

दिल्ली पुलिस पर कुश्ती के दांव आजमाकर छूटने के बाद भागती पहलवान साक्षी मलिक।
दिल्ली पुलिस पर कुश्ती के दांव आजमाकर छूटने के बाद भागती पहलवान साक्षी मलिक।

पूनिया बोले- हमें गोली मार दो
पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा- क्या यह लोकतंत्र है, हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं और हमारे साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है। हमें गोली मार दो। इस बीच पुलिस की ओर से हिरासत में लिए जाने के बाद साक्षी मलिक के पति सत्यव्रत मलिक और अन्य पहलवानों ने बस के अंदर नारेबाजी की।

.

Recent Stories