पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से EVM पर उठ रहे सवाल तेज हो गए हैं। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने EVM बदलने के एक वायरल ऑडियो को लेकर सवाल उठाए हैं। अखिलेश ने सोशल मीडिया पर लिखा- EVM बदले जाने को लेकर एक चुनाव अधिकारी ने किसी से बात की, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति को इसका तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसी व्यक्ति का जीवन हमारे लिए सरकार बनाने से ज्यादा अहम है, ऐसे में सरकार से उम्मीद है कि संबंधित व्यक्ति को पूरी सुरक्षा दी जाए और इस मामले की निष्पक्षता से जांच हो।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दो लोगों का यह ऑडियो करीब 10 मिनट का है। ऑडियो में एक व्यक्ति खुद को चुनाव अधिकारी बता रहा है। हालांकि, दैनिक भास्कर इस वायरल ऑडियो की किसी भी तरह से पुष्टि नहीं करता है।


