उत्तरप्रदेश के गोंडा में तीन मुस्लिम फकीरों से अभद्रता का वीडियो सामने आया है। यहां पर एक युवक ने इनसे जबरन जय श्रीराम के नारे लगवाए। कानपुर हिंसा का जिक्र करते हुए इन्हें आतंकवादी भी कहा। इनसे उठक-बैठक भी करवाई।
अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि ये फकीर नहीं, बल्कि मुस्लिम युवक थे, जो फकीरों के वेश में गांव में घूम रहे थे। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला गोंडा के खरगूपुर डिंगुर गांव का है, यहां पर दो युवक और एक बुजुर्ग भीख मांगने के लिए घूम रहे थे। एक युवक उन्हें रोक लेता है। पहले उनका नाम और पता पूछता है। नाम पता सही न बताने पर आधार कार्ड मांगता है, लेकिन फकीर कार्ड दिखाने पर तैयार नहीं होते हैं, तो युवक भड़क जाता है। डंडा लेकर फकीरों से कान पकड़ कर उठक-बैठक करवाने लगता है।


