दिल्ली के गुलाबी बाग इलाके में रविवार को एक कार ने फुटपाथ पर खड़े तीन बच्चों को कुचल दिया। तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक बेकाबू कार फुटपाथ पर खड़े तीन बच्चों को कुचल देती है। इसके बाद एक बच्चा उछलकर कार के पीछे गिरते हुए दिख रहा है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग दौड़कर घायल हुए बच्चों के पास पहुंचे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। लोगों ने कार चालक को भी पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। घायल होने वाले बच्चों में दो की उम्र 10 साल है, जबकि तीसरा बच्चा 6 साल का है।

डीसीपी (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान प्रताप नगर निवासी गजेंद्र (30) के रूप में हुई है। उसने रविवार को लीलावती स्कूल के पास कार से तीन बच्चों को कुचल दिया था। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दो बच्चों की हालत में सुधार है, जबकि 6 साल के बच्चों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।


