दिल्ली में जिस लड़की से मारपीट हुई…उसने वीडियो शेयर किया:कहा- गलतफहमी के चलते मंगेतर से झगड़ा हुआ था, बाद में सुलह हो गई

दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में शनिवार रात जिस लड़की से मारपीट करने और कार में बैठाने का वीडियो सामने आया था, उस लड़की ने एक वीडियो मैसेज जारी किया है। इसमें लड़की ने सफाई दी है कि उसका अपहरण नहीं किया जा रहा था, न ही उसके साथ मारपीट हुई थी।

लड़की ने वीडियो में कहा- ‘जो घटना हुई वह मेरे और मेरे मंगेतर के बीच गलतफहमी के चलते हुई थी। हमारे बीच पर्सनल मुद्दे को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसे हमने आपस में बातचीत कर सुलझा लिया है। मैं दिल्ली पुलिस को 24 घंटे लड़कियों की सुरक्षा में उपलब्ध रहने के लिए उनका धन्यवाद कहना चाहती हूं।’

लड़की से मारपीट कर कार में बैठाकर ले जाने का वीडियो वायरल हुआ था।
जो वीडियो पहले मारपीट का सामने आया था उसमें एक कार में दो लोग एक लड़की को मारते-पीटते कार में जबरन बैठाते हुए नजर आ रहे थे। दिल्ली पुलिस ने कहा था कि कार में हरियाणा नंबर प्लेट थी और यह प्राइवेट कैब थी। पुलिस ने बताया था कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि कैब को आखिरी बार गुरुग्राम में इफको चौक के पास शनिवार रात 11.30 बजे देखा गया था।

किसी ने नहीं की लड़की की मदद
वीडियो बनाने वाला शख्स भी ट्रैफिक में था, जो इस पूरी घटना का वीडियो बना रहा था। इतना ही नहीं कैब का ड्राइवर भी उसकी मदद नहीं कर रहा था। वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने खुद इस मामले की जांच करने का जिम्मा उठाया था। उसने कैब ओनर का पता लगाने एक टीम गुरुग्राम भी भेजी थी। यह टैक्सी शैलेंद्र के नाम से रजिस्टर्ड थी।

इस वीडियो के सामने आते ही दिल्ली महिला आयोग ने मामले पर जांच के लिए कहा था। DCW ने कहा था- परेशान करने वाली बात यह है कि बिजी ट्रैफिक वाली सड़क पर महिला के साथ मारपीट की गई, फिर भी पीड़ित की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।

.

Recent Stories