राजस्थान पुलिस पर 2 मुस्लिम युवकों को जिंदा जलाने के आरोपी श्रीकांत के परिवार पर बर्बरता का मामला बढ़ गया है। राजस्थान पुलिस की कथित मारपीट के बाद श्रीकांत की गर्भवती पत्नी के पेट से मरा बच्चा पैदा हुआ। परिवार ने इसकी शिकायत हरियाणा पुलिस को कर दी।
जिसके बाद नूंह पुलिस ने रविवार शाम करीब 6 बजे श्मशान से नवजात के शव को बाहर निकालवाया। अब उसका पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। ताकि मौत की वजह सामने आ सके। अगर वाकई मारपीट की वजह से गर्भ में पल रहे बच्चे की जान गई होगी तो इस मामले में राजस्थान पुलिस की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।फिरोजपुर झिरका के DSP सतीश कुमार की मौजूदगी में पुलिस टीम मरोड़ा गांव में परिजनों के साथ श्मशान पहुंची। वहां मिट्टी में दफनाए गए बच्चे का शव बाहर निकाला गया। जिसे मेडिकल कॉलेज नलहड़ शवगृह में रखवा दिया गया है। अब सोमवार को नवजात शव का पोस्टमॉर्टम बोर्ड द्वारा किया जाएगा।वहीं इस मामले में नूंह SP वरुण सिंगला ने कहा कि पुलिस सभी साक्ष्य, सबूत व गवाहों के आधार पर अपनी निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है। नवजात के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस संदर्भ में केस दर्ज नहीं किया गया है।


