बालोद। बालोद जिले में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत मास्टर रोल में फर्जी हाजिरी भर पैसा गबन करने का मामला सामने आया है. कलेक्टर ने मीडिया के माध्यम से मामले की जानकारी मिलने की बात करते हुए जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया है. वहीं दूसरी ओर मामले में जिस सरपंच की संलिप्तता की बात कही जा रही उसने आरोप लगाने वाले पर गलतबयानी के लिए मानहानि का दावा करने की बात कही है.
मामला बालोद जिला के ग्राम पंचायत सांकरा (क) का है. भिलाई में अध्ययनरत गांव के पूर्व सरपंच दशरथ सिन्हा के बेटे के बैंक अकाउंट में रोजगार गारंटी योजना के तहत 6 हजार 6 सौ रुपए ट्रांसफर किया गया. इस राशि को पंचायत रोजगार सहायक ने फोन कर मांगा गया. इस बात की जानकारी बेटे के देने पर पूर्व सरपंच ने अपने खाते से पैसे निकालने से मना कर दिया. आरोप है कि इसी तरह गांव के अन्य व्यक्तियों का नाम फर्जी मस्टर रोल में भरकर उनके बैंक खातों में पैसा ट्रांसफर किया गया, जिसे बाद में कुछ पैसे संबंधित व्यक्ति को देकर रोजगार सहायक और सरपंच बाकी का पैसा ले लिया करते थे.


