इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन को IPL मिनी ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने 18.5 करोड़ रुपए में खरीदा। IPL की नीलामी में बना ये रिकॉर्ड तो सुर्खियों में है…मगर एक खिलाड़ी पर इतनी बड़ी रकम खर्च करने वाले पंजाब किंग्स की एक IPL सीजन में कितनी कमाई होती है, ये कभी सार्वजनिक नहीं होता।
पैसों की अंधाधुंध बरसात वाली क्रिकेट की दुनिया का ये वो पहलू है जो जनता के सामने नहीं आता। खुद BCCI ने ही 5 साल से अपनी एनुअल रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की है। इसी की तरह IPL की फ्रेंचाइजी लेने वाली कंपनियों में से सिर्फ 4 ने ही स्पष्ट तौर पर अपनी कमाई का लेखा-जोखा जारी किया है।
सैम करन पर 18.5 करोड़ रुपए खर्च करने वाले पंजाब किंग्स की कमाई के आंकड़े तो सार्वजनिक ही नहीं हैं। कैमरून ग्रीन को 17.5 करोड़ में खरीदने वाले मुंबई इंडियंस का रेवेन्यू तो 372 करोड़ है, मगर टैक्स और खर्चों के बाद बचा कुल प्रॉफिट सिर्फ 28 करोड़ ही है।


