केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली के सिलवासा शहर में पोल्ट्री फार्म के एक वर्कर ने चिकन साफ करने के लिए तिरंगे का इस्तेमाल किया। पोल्ट्री फार्म में काम करते वक्त वह तिरंगे को सफाई वाले कपड़े की तरह इस्तेमाल कर रहा था। उसके इस एक्शन का किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सिलवासा पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने शनिवार को बताया कि वीडियो में दिख रहा था कि शख्स ने तिरंगे का अपमान किया था। इसे लेकर उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया और प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट, 1971 के सेक्शन 2 के तहत उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जानकारी दी कि शख्स को गुरुवार को अरेस्ट किया गया था और शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी को हो सकती है तीन साल की जेल
अधिकारी ने बताया कि जिस एक्ट के तहत आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, उसमें किसी भी सार्वजनिक जगह पर राष्ट्रीय झंडे को जलाने, फाड़ने, कुचलने या किसी तरह का नुकसान पहुंचाना अपराध माना जाता है। अगर कोई इसका दोषी पाया जाता है तो उसे तीन साल तक की जेल हो सकती है, जुर्माना लगाया जा सकता है, या दोनों ही सजा दी जा सकती है।


