कटनी के स्लीमनाबाद में बरगी नहर की निर्माणाधीन सुरंग धंसने से 9 मजदूर अंदर फंस गए। इनमें से 7 को बचा लिया गया। SDRF की टीम अन्य अधिकारियों के साथ बाकी फंसे 2 मजदूरों को निकालने की कोशिश कर रही है। नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध से बाणसागर तक अंडरग्राउंड टनल बनाई जा रही है। इसी दौरान मिट्टी धंसने से हादसा हुआ। ये मजदूर करीब 9 मीटर नीचे दबे हैं, जहां से उनकी आवाज साफ सुनाई दे रही है।
हादसा शनिवार शाम करीब 7.30 बजे हुआ। इसके बाद जबलपुर से पहुंची SDRF की टीम ने रात को ही बचाव कार्य शुरू कर दिया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गृह विभाग के ACS राजेश राजौरा वल्लभ भवन (मंत्रालय) में सिचुएशन रूम से इसकी निगरानी कर रहे हैं। कटनी कलेक्टर प्रियांक मिश्रा और SP मौके पर ही मौजूद हैं। बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडेय समेत बाकी अफसर भी रात को ही पहुंच गए थे।
अंडरग्राउंड टनल में TVM मशीन सतह से करीब 80 फीट की गहराई में थी। मशीन में आई गड़बड़ी को सुधारने के लिए कुआंनुमा गड्ढा खोदने का काम चल रहा था। करीब 25 फीट तक खुदाई हो जाने के बाद उसे ईंट और सीमेंट से पक्का किया जा रहा था। इस बीच उसके दो हिस्से धंस गए।