केरल के कोझिकोड में रविवार को एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने को लेकर दो यात्रियों के बीच कहासुनी हो गई। इसके चलते एक यात्री ने दूसरे यात्री पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मृतकों में एक महिला, बच्चा और पुरुष शामिल हैं, जिनके शव देर रात इलाथुर रेलवे स्टेशन की पटरी से बरामद किए गए।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। मृतकों की पहचान मत्तन्नूर के रहने वाले रहमथ, उनकी बहन और उनकी दो साल की बेटी के रूप में हुई है। वहीं घायल यात्रियों में थलासेरी के अनिल कुमार, उनकी पत्नी सजीशा, उनके बेटे अद्वैत, जबकि कन्नूर की रहने वाली रूबी और त्रिशूर के राजकुमार शामिल हैं। सभी घायलों को कोझिकोड के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

ट्रेन की पटरी पर मिले तीनों शव
पुलिस ने बताया कि घटना अलप्पुझा-कन्नूर एग्जीक्यूटिव एक्सप्रेस में रविवार रात 9:45 बजे की है। ट्रेन ने जैसे ही कोझिकोड क्रॉस किया, दो लोगों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और एक व्यक्ति ने दूसरे यात्री को आग लगा दी। इसके चलते अन्य यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

मौके पर पहुंची पुलिस को यात्रियों ने बताया कि एक महिला और बच्चा ट्रेन से लापता हैं। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की तो इलाथुर रेलवे स्टेशन की पटरी पर महिला, बच्चे और एक पुरुष का शव मिला। पुलिस को संदेह है कि आग देखकर या तो उन्होंने भागने की कोशिश की होगी या वह ट्रेन से गिर गए। वहीं पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए आसपास के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।


