पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि अगर BJP का पतन कर्नाटक विधानसभा चुनाव के साथ शुरू होता है तो उन्हें खुशी होगी। वे मालदा में TMC के आउटरिच प्रोग्राम के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहीं थीं। ममता ने कहा कि भगवा पार्टी अपने हितों के लिए हिंदू धर्म को बदनाम कर रही है।
ममता ने आगे कहा कि BJP जितनी जल्दी सत्ता से बाहर होगी, देश के लिए उतना ही अच्छा होगा। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में BJP को वोट न दें। अपनी पसंद की किसी भी पार्टी को वोट दें। मुझे खुशी होगी अगर BJP का पतन कर्नाटक से शुरू होता है।

अब सिलसिलेवार पढ़िए ममता ने क्या कहा…
1. पहलवानों पर BJP रुख स्पष्ट करे
पहलवानों के प्रदर्शन को लेकर ममता ने कहा कि हम जानना चाहते हैं कितनी केंद्रीय टीमों को वहां भेजा गया? उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी पहलवानों पर बुधवार की रात नई दिल्ली में पुलिस ने हमला किया। इस पूरे मामले में BJP को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
2. मणिपुर में शांति बहाल करें
ममता ने कहा कि मैं मणिपुर की स्थिति को लेकर बहुत चिंतित हूं। राजनीति और चुनाव इंतजार कर सकते हैं, लेकिन पहले हमारे खूबसूरत राज्य मणिपुर की रक्षा करनी होगी। मैं PM नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से वहां शांति बहाल करने के लिए कदम उठाने का आग्रह करती हूं। आज इंसानियत को जलाएंगे तो कल इंसान नहीं रहेंगे।
3. हक का पैसा नहीं दिया: CM ममता
ममता ने केंद्र सरकार के सौतेले रवैए भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल ने मनरेगा लागू करने में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। इसके बावजूद राज्य को उसके हक का पैसा नहीं दिया गया। एक बार BJP सत्ता से हटे तो लोगों को उसकी संगठित लूट का पता चलेगा।


