कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा अनुविभाग अंतर्गत कार्यरत पटवारी जितेन्द्र कुमार भावे की मिलीभगत से सरकारी ज़मीनों की हेर फेर की गई। सरकारी जमीनों का निजी नामकरण कर ऋण पुस्तिका भी जारी कर दी गई और नामांतरण भी कर दिया गया। किन्तु, यह अवैध कार्य छिप नहीं सका और उजागर होने पर पटवारी को निलम्बित कर दिया गया। अब कलेक्टर के आदेश पर सरकारी जमीन को दूसरे जिले के बैंक में गिरवी रखकर कर्ज लेने वाले दो लोगों के विरुद्ध एफआईआर कराने का निर्देश कलेक्टर अजित वसंत ने पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम को जारी किया है।
जारी निर्देश में बताया गया कि ग्राम – लालपुर प०ह०नं० 20 रा०नि०मं०- कोरबी तहसील-पोड़ीउपरोड़ा स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 89/1 में से 89/82, 89/83, 89/84, 89/85 कुल ख.न.संख्या 04 कुल रकबा 9.0340 हे. भूमि पर बटांकन हुआ है। उपरोक्त खसरा नंबर शिवचरन पिता ईतवारी जाति महरा (अ.जा.) पता सा. देह के नाम पर दर्ज है। उपरोक्त खसरा नंबर एक्सिस बैंक दुर्ग(सी.ग.) (यूटीब0000590) में दिनांक 30/9/2024 में बंधक है। उक्त भूमि के बी-1 कैफियत कालम 10 में नामांतरण कमांक 5505047/2802824/02984/10.02.2024 दर्ज है। नामांतरण क्रमांक एवं दिनांक नामांतरण पंजी में दर्ज नही है तथा ग्राम घुचांपुर प०ह०नं० 20 रा०नि०मं०-कोरबी तहसील-पोड़ीउपरोड़ा स्थित भूमि खसरा नंबर 206/1 में से ख.नं. 206/1 में से ख.नं. 206/8 रकबा 1.8760 हे. एवं ख.नं. 208/1 में से 208/11 रकबा 0.833 हे. एवं खसरा नं. 208/12 रकबा 1.886 हे. कुल खसरा नं. संख्या 03 कुल रकबा 4.595 हे.भूमि का बटांकन हुआ है। उपरोक्त ख.नं. की भूमि अजय यादव पिता हीरावन जाति रावत (अ.वि.अ.) के नाम पर दर्ज है। उपरोक्त ख०न० आईडीएफसी फ्रिस्ट बैंक एलटीडी बेमेतरा ब्रांच (आईडीएफबी00061411) में 30/09/2024 बंधक है।
उपरोक्त संबंधित व्यक्तियों द्वारा कुल खसरा नं० संख्या 07 एवं रकबा 13.629 है. भूमि का षड़यंत्र पूर्वक राजस्व रिकार्ड में हेराफेरी कराकर अपने नाम पर दर्ज कराया गया है एवं बैंक से ऋण लेने के कारण उक्त खसरा नंबरों में बैंक बंधक दर्ज कराया गया है। उनके द्वारा कूटरचना करते हुये कदाचार किया गया एवं गैर कानूनी तरीके से आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से उक्त कृत्य किया गया है जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। अतः संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज कराते हुए इस (कलेक्टर) कार्यालय को अवगत कराना सुनिश्चित करें।


