दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में रविवार शाम छात्रों के दो गुटों के बीच नॉनवेज खाने को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इसमें कई छात्र घायल हो गए। ABVP सदस्यों ने लेफ्ट विंग पर रामनवमी पर पूजा नहीं करने देने का आरोप लगाया है। उनका कहना था कि आज रामनवमी पर दोपहर 3.30 बजे छात्रों ने पूजा और हवन रखा था। लेफ्ट विंग वालों ने वहां पहुंचकर पूजा नहीं करने दी, बाद में खाने पर विवाद की बात करने लगे।
JNU के कावेरी हॉस्टल में रामनवमी और इफ्तार पार्टी एकसाथ थी। इफ्तार पार्टी में नॉनवेज भी रखा गया था। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ। एक गुट का कहना था कि पूजन के दिन नॉनवेज को मेन्यू में नहीं रखना चाहिए। खाने को लेकर दोनों गुटों में बातचीत अचानक मारपीट में तब्दील हो गई।
वहीं, जेएनयू स्टूडेंट्स यूनियन और लेफ्ट विंग के छात्रों ने ABVP पर नॉनवेज खाने से रोकने का आरोप लगाया है। घटना जेएनयू के कावेरी हॉस्टल की है। यहां हर रविवार को स्पेशल मील के तहत नॉनवेज बनता है। ABVP का कहना था कि राम नवमी के दिन नॉनवेज नहीं बनने देंगे। इसी को लेकर विवाद बढ़ा और बात हिंसा तक बढ़ गई।


