मन की बात में PM ने होली की शुभकामनाएं दीं:बोले-त्योहार वोकल फॉर लोकल के साथ मनाएं; प्रोग्राम में लता दीदी को याद किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार यानी आज सुबह 11 बजे मन की बात कार्यक्रम के जरिए देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा- हमे अपने त्योहार वोकल फॉर लोकल के संकल्प के साथ ही मनाना है।

इसके साथ ही PM ने लता मंगेशकर को याद किया। PM मोदी ने कहा-सरदार पटेल की जयंती यानी एकता दिवस पर ‘मन की बात’ में हमने तीन कंपटीशन शुरू की थीं। ये सभी देशभक्ति पर गीत, लोरी और रंगोली से जुडी थीं। उस समय लता दीदी ने ट्वीट करके सभी देशवासियों से इस कंपटीशन में जुड़ने की अपील की थी। PM मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम में कंपटीशन से जुड़े विजेताओं के नाम भी घोषित किए।

98वें मन की बात कार्यक्रम की 5 अहम बातें..

1. PM बोले- उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार दिए गए
मोदी ने मन की बात में कहा- बात बनारस की हो, शहनाई की हो, उस्ताद बिस्मिल्लाह खान जी की हो, तो, स्वाभाविक है कि मेरा ध्यान उस तरफ जाएगा ही। कुछ दिन पहले उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार दिए गए। ये पुरस्कार म्यूजिक और परफॉर्मिंग आर्ट के क्षेत्र में उभर रहे, प्रतिभाशाली कलाकारों को दिए जाते हैं. ये कला और संगीत जगत की लोकप्रियता बढ़ाने के साथ ही इसकी समृद्धि में अपना योगदान दे रहे हैं।

2. लोगों ने मन की बात को अद्भुत प्लेटफॉर्म बना दिया
PM ने लोगों से कहा- आप सभी के साथ जुड़कर मुझे बहुत खुशी हो रही है। सेंचुरी की तरफ बढ़ते इस सफर में मन की बात को आप सभी ने जनभागीदारी की अभिव्यक्ति का अद्भुत प्लेटफॉर्म बना दिया है। आप अपने मन की शक्ति तो जानते ही हैं, वैसे ही समाज की शक्ति से कैसे देश की शक्ति बढ़ती है। ये हमने ‘मन की बात’ के अलग-अलग एपिसोड में देखा और समझा है।

3. डिजिटल इंडिया की ताकत कोने-कोने में पहुंच रही
प्रधानमंत्री ने कहा कि तेजी से आगे बढ़ते हमारे देश में डिजिटल इंडिया की ताकत कोने-कोने में पहुंच रही है। एक एप है ई-संजीवनी। इस एप से वीडियो क्रॉन्फ्रेंस के माध्यम से डॉक्टरी सलाह ले सकते हैं। इसके माध्यम से 10 करोड़ मरीज और डॉक्टर के साथ बढ़िया नाता है। इसकी उपलब्धि के लिए सभी डॉक्टरों व मरीजों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। भारत के लोगों ने तकनीक को कैसे अपने जीवन का हिस्सा बनाया है, यह इसका जीता जागता उदाहरण है।

4. पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन मिल रहा है
PM ने कहा कि मुझे वो दिन याद है, जब हमने ‘मन की बात’ में भारत के पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन की बात की थी। उस समय भारतीय खेलों के जुड़ने की और इन्हें सीखने की एक लहर सी उठ गई थी। मन की बात में जब भारतीय खिलौनों की बात हुई, तो देश के लोगों ने इसे हाथों-हाथ बढ़ावा दे दिया। अब तो भारतीय खिलौनों का इतना ज्यादा क्रेज हो गया है कि विदेशों में भी इनकी डिमांड बहुत बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जब हमने स्टोरी टेलिंग की भारतीय विधाओं पर बात की तो उनकी प्रसिद्धि भी दूर-दूर तक पहुंच गई। ज्यादा से ज्यादा लोग भारतीय स्टोरी टेलिंग की विधाओं की तरफ आकर्षित होने लगे हैं।

5. PM ने स्वच्छ भारत अभियान की तारीफ की
प्रधानमंत्री ने कहा-स्वच्छ भारत अभियान ने हमारे देश में जन भागीदारी मायने बदल दिए हैं। हरियाणा के युवाओं ने एक स्वच्छता अभियान शुरू किया है। यहां के लोगों ने तय किया है कि भिवानी को स्वच्छता के मामले में विशाल बनाना है। युवा सुबह 4 बजे बिवानी पहुंच जाते हैं और सफाई अभियान चलाते हैं। ये लोग कई टन कूड़ा साफ कर चुके हैं।

97वें एपिसोड में PM ने G-20 समिट की बात की थी
इससे पहले PM ने 29 जनवरी को मन की बात कार्यक्रम के जरिए लोगों को संबोधित किया था। उन्होंने पिछली बार पद्म पुरस्कार पाने वाले लोगों के जीवन की कहानियां बताईं थीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा था-लोकतंत्र हमारी रगों में है, हमारी संस्कृति में है। सदियों से यह हमारे कामकाज का भी एक अभिन्न हिस्सा रहा है। स्वभाव से हम एक डेमोक्रेसी सोसाइटी हैं।

.

Recent Stories