हिमंता बोले- लोकसभा चुनाव के बाद राहुल को गिरफ्तार करेंगे:23 जनवरी को कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ी थी, राहुल पर उकसाने का आरोप

23 जनवरी को गुवाहाटी में कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस से भिड़े और बैरिकेडिंग तोड़ दी। - Dainik Bhaskarअसम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद हम राहुल गांधी को गिरफ्तार करेंगे। 23 जनवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा को गुवाहाटी शहर में जाने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उखाड़ दिया था।

इसके बाद असम के CM ने DGP को राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया था। 24 जनवरी को राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई।

मुख्यमंत्री ने मामला दर्ज होने के एक दिन बाद कहा- यात्रा का पूरा इरादा असम को परेशान करना और शांति को खतरे में डालना था। हम एक SIT बनाएंगे, जो मामले की जांच करेगी और लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद हम राहुल को गिरफ्तार करेंगे। हमने अभी कार्रवाई की तो वे इसे राजनीतिक कदम कहेंगे।

इन नेताओं के खिलाफ हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमले की धाराएं लगाई गई है। असम पुलिस का आरोप है कि यात्रा के लिए जो रूट तय किए गए थे बावजूद उन्होंने दूसरा रूट लिया। राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने साजिश के तहत भीड़ को उकसाया और उन्हें गुवाहाटी शहर की ओर ले गए।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज 11वां दिन है। राहुल ने आज असम के बरपेटा से यात्रा शुरू की है।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज 11वां दिन है। राहुल ने आज असम के बरपेटा से यात्रा शुरू की है।

खड़गे की शाह को चिट्‌ठी- असम में राहुल को खतरा
असम में राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गृहमंत्री अमित शाह को दो पेज की चिट्‌ठी लिखी है। चिट्‌ठी में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 18 जनवरी को असम में एंट्री के बाद 22 जनवरी तक राहुल की सुरक्षा में चूक की 5 घटनाओं का जिक्र है।

खड़गे ने गृहमंत्री से कहा- असम के मुख्यमंत्री और वहां के DGP को आप निर्देश दें ताकि कोई अनहोनी की स्थिति न बने। खड़गे का कहना है कि यात्रा के विरोध में भाजपा समर्थक राहुल के काफिले के बिल्कुल नजदीक पहुंच जा रहे हैं। ऐसे में राहुल को भी मजबूरन अपनी सुरक्षा को दरकिनार कर बाहर आना पड़ता है।

.

Recent Stories