कोरबा। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में जिले के होनहार युवा व कमला नेहरू महाविद्यालय में एमलिब के छात्र अतुल कुमार केवट को स्वर्ण पदक से सम्मानित और उपाधि प्रमाण पत्र से अंलकृत किया गया है। उन्होंने सत्र 2021-22 में बीलिब एंड आईएससी (पुस्तकालय व सूचना विज्ञान में स्नातक पाठ्यक्रम) में 92.12 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अटल विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान हासिल किया। विश्वविद्यालय परिसर में छत्तीसगढ़ राज्यपाल व कुलाधिपति विश्वभूषण हरिचंदन की अध्यक्षता में हुए समारोह के दौरान अतुल को उनका पदक व उपाधि प्रमाण पत्र विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य अरुण दिवाकर नाथ वाजपेयी ने प्रदान कर अलंकृत-सम्मानित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि फिजी गणराज्य के भारत में उच्चायुक्त कमलेश शशि प्रकाश मौजूद रहे।
अतुल कुमार केवट एसईसीएल कॉलोनी सुभाष ब्लॉक निवासी मिलाप राम केवट व श्रीमती सुनीता केवट के पुत्र हैं। अतुल ने वर्ष 2021-22 में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर से संबद्ध कोरबा की प्रथम उच्च शिक्ष संस्था कमला नेहरू महाविद्यालय से से पुस्तकालय व सूचना विज्ञान की पढ़ाई (बी.लिब एंड आइएससी) पूर्ण की। बीते वर्ष की परीक्षा में उन्होंने 92.12 प्रतिशत अंक हासिल किए और अटल विश्वविद्यालय से जारी प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक के लिए चुने गए। अतुल की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा, सचिव सुरेंद्र लाम्बा, उपाध्यक्ष डॉ. आरसी पांडेय, सहसचिव उमेश लाम्बा, प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर व समिति के सदस्यों समेत पूरे कॉलेज परिवार, सहपाठियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया है। वर्तमान में अतुल केएन कॉलेज से ही पुस्तकालय व सूचना विज्ञान में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम (एमलिब एंड आईएससी) की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उल्लेखनीय होगा कि एयू से जारी बीलिब एंड आईएससी की मेरिट लिस्ट में एक से लेकर नौवें स्थान तक (टॉप-10 में 9 विद्यार्थी) कमला नेहरू महाविद्यालय के ही छात्र-छात्राओं ने जगह बनाई है। इनमें नीलिमा यादव(90.50) द्वितीय, खुशबू आदित्य(89.75) तृतीय, गिरिजा पटेल(89.62) चतुर्थ, हेमा पटेल(89.62) पंचम, मुकेश दास महंत(88.12), रुबीना तरन्नुम(84.75), राहुल सिंह क्षत्रिय(84.25), कीर्तन लाल(83.75), राहुल श्रीवास(83.62) शामिल हैं।
एमए एजुकेशन की मेरिट लिस्ट में दस में दस केएन से
इसी तरह सत्र 2021-22 के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कॉलेज के शिक्षा में स्नातक (बीएड अंतिम) पाठ्यक्रम से कुल प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने टॉप-10 में जगह बनाई है, जिनमें प्रथम स्थान पर रही अनिमा सिंह ने 90.39 प्रतिशत अंक लेकर यूनिवर्सिटी टॉप किया। एमए एजुकेशन की होनहार छात्रा वंदना राठौर 84.22 प्रतिशत अंक अर्जित कर विश्वविद्यालय में अव्वल रहीं। एमए एजुकेशन की विश्वविद्यालय की प्राविण्य सूची में सभी दस में दस होनहार कमला नेहरू महाविद्यालय के ही विद्यार्थी हैं।
मिनीमता कन्या College की योगिता व नूतन को भी मिला उपाधि प्रमाण पत्र
अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में शासकीय मिनीमता कन्या महाविद्यालय की छात्रा योगिता यादव पिता दशरथ यादव को एम कॉम के प्रवीण्य सूची में दूसरा स्थान तथा नूतन सिंह पिता जगजीत सिंह को छठवां स्थान प्राप्त करने पर उपाधि प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल व कुलाधिपति विश्वभूषण हरिचंदन के द्वारा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि फिजी गणराज्य के भारत में उच्चायुक्त कमलेश शशि प्रकाश व कुलपति आचार्य एडीएन वाजपेयी मौजूद रहे।


