चेन्नई में लड़की से लड़का बने एक शख्स (ट्रांसमैन) ने अपनी दोस्त को बर्थडे से एक दिन पहले मिलने बुलाया और जलाकर मार डाला। पुलिस के मुताबिक, दोनों बचपन के दोस्त थे। वे चेन्नई की एक IT कंपनी में साथ काम करते थे।
आरोपी (पंडी महेश्वरी) ने लड़की (नंदिनी) से शादी करने के लिए अपना सेक्स चेंज करवाया और लड़का (वेत्रिमारन) बन गया था। लेकिन 25 साल की नंदिनी ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर वेत्रिमारन ने उसकी हत्या कर दी।
बर्थडे से एक दिन पहले दोस्त को मिलने बुलाया था
पुलिस के मुताबिक 24 दिसंबर को नंदिनी का बर्थडे था। 23 दिसंबर को वेत्रिमारन ने उसे फोन किया और बर्थडे सरप्राइज के बहाने मिलने के लिए बुलाया। दोनों ने एक साथ शॉपिंग की, फिर तांबरम के पास स्थित एक अनाथालय भी गए। इसके बाद वेत्रिमारन ने नंदिनी को घर तक छोड़ने को कहा।
रास्ते में सुनसान जगह पर वेत्रिमारन ने नंदिनी से फोटो क्लिक कराने को कहा। इसी दौरान वेत्रिमारन ने दोस्त के हाथ-पैर बांध दिए और ब्लेड से उनकी गर्दन, हाथ पर ताबड़तोड़ वार किए और पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
दोस्त से शादी करने के लिए सेक्स चेंज करवाया
पुलिस ने बताया कि 26 साल की आरोपी पंडी महेश्वरी मदुरै के एक स्कूल में नंदिनी के साथ पढ़ती थी। बाद में दोनों चेन्नई आ गए और साथ ही एक IT कंपनी में काम करने लगे। पंडी, नंदिनी से प्यार करने लगी थी। उससे शादी करने के लिए पंडी ने सेक्स चेंज करवाया और वेत्रिमारन बन गया।
हालांकि, नंदिनी ने उसके बाद भी उससे दोस्ती बनाए रखी। एक दिन वेत्रिमारन ने नंदिनी को शादी के लिए प्रपोज किया, लेकिन उसने मना कर दिया। नंदिनी ऑफिस में किसी और के साथ रिलेशनशिप में थी। इन्हीं बातों से नाराज होकर वेत्रिमारन ने नंदिनी का कथित तौर पर मर्डर कर दिया।
अधजली लाश मिली, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने नंदिनी की अधजली लाश थलंबूर से बरामद की। 27 साल के ट्रांसमैन वेत्रिमारन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में पता चला है कि उसने शादी का प्रपोजल रिजेक्ट होने के बाद नंदिनी की हत्या कर दी। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


