दिल्ली में व्यक्ति ने ईंट से अपनी बहू का सिर फोड़ दिया। घटना मंगलवार को प्रेम नगर इलाके में हुई। जो वहां लगे CCTV में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में काजल नाम की महिला गली में टहलते हुए नजर आ रही है। तभी पीछे से उसका ससुर आता है। दोनों में किसी बात पर बहस होती है। इसके बाद वह शख्स उसके सिर पर ईंट मार देता है।
अचानक हुए वार से महिला गिर पड़ती है। बाद में वह खुद को बचाने वहां से भागती है। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पास बैठा शख्स तमाशबीन बना रहा
जब ससुर-बहू की मारपीट हो रही थी, तब वहां बैठा एक व्यक्ति पूरे घटनाक्रम को देखता रहा, लेकिन उसने महिला की मदद के लिए कुछ नहीं किया। पुलिस ने कहा कि ईंट रखने वाले व्यक्ति की पहचान महिला के ससुर के रूप में हुई है। घटना के बाद काजल को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसके सिर पर 17 टांके आए।
बहू के नौकरी करने से ऐतराज था
रिपोर्ट्स के मुताबिक काजल के पिता सत्यप्रकाश ने बताया कि उनकी बेटी की शादी प्रवीण से हुई थी। जो सिविल डिफेंस सर्विस में काम करता है। उनकी बेटी भी नौकरी करना चाहती थी। मंगलवार को उसे इंटरव्यू देने जाना था, लेकिन काजल के ससुर को इस बात से ऐतराज था। इसी को लेकर उनमें बहस भी हुई थी। काजल ने ससुर की बात मानने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसने इस घटना को अंजाम दिया।


