रायपुर : राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवपुरी के पास शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रायपुर-धमतरी नेशनल हाईवे पर रोड मार्किंग (लेन संकेतक) का काम कर रही एक जीप में अचानक भीषण धमाका हुआ और देखते ही देखते गाड़ी आग का गोला बन गई। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे।
काम के दौरान हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह देवपुरी के पास सड़क पर सफेद पट्टी और अन्य संकेतक मार्क करने का काम चल रहा था। इस कार्य में महिला और पुरुष कर्मचारी तैनात थे, जो जीप की मदद से पेंटिंग और मार्किंग कर रहे थे। इसी दौरान गाड़ी के पिछले हिस्से में अचानक एक शक्तिशाली ब्लास्ट हुआ। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर काम कर रहे कर्मचारी बदहवास होकर दूर भागने लगे।
हाइवे पर मची भगदड़
ब्लास्ट इतना भयावह था कि सड़क के दूसरी ओर मौजूद लोग भी दहशत में आ गए और सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। हाईवे से गुजर रहे दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों ने भी डर के मारे अपने वाहनों की रफ्तार तेज कर दी ताकि वे आग की चपेट में न आ जाएं। कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी धूं-धूं कर जलने लगी और आसमान में काला धुआं छा गया।
गैस सिलेंडर या मशीनरी में खराबी की आशंका
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि रोड मार्किंग के लिए इस्तेमाल होने वाले पेंट को गर्म करने के लिए गाड़ी में रखे गैस सिलेंडर या मशीनरी में तकनीकी खराबी के कारण यह ब्लास्ट हुआ होगा। राहत की बात यह रही कि धमाके के वक्त कर्मचारी गाड़ी से थोड़ी दूरी पर थे, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही माना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह कंकाल बन चुकी थी। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से कुछ देर के लिए हाईवे पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।



