आज सावन का पहला सोमवार है। इस वजह से शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ है। हर कोई भगवान शंकर के दर्शन कर उन्हें जल चढ़ाना चाहता है। गरियाबंद जिले में स्थित `भूतेश्वर महादेव` में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसी मान्यता है कि यहां शिवलिंग की ऊंचाई हर साल बढ़ती है। यहां न सिर्फ छत्तीसगढ़ से, बल्कि दूसरे राज्यों से भी लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश की सीमा से लगे अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर में भी लोग सुबह से दर्शन करने पहुंचे। भक्तों ने यहां स्थित भगवान शंकर को जल चढ़ाया। मां नर्मदा की भी पूजा की। यहां इस बार भी बड़ी संख्या में कांवड़िये पहुंचे हैं। अमरकंटक की वादियों में बोल बम के जयकारे गूंजते रहे।


