नोवामुंडी (झारखंड): झारखंड में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत जेटेया थाना क्षेत्र के बाबरिया गांव में 6 जनवरी की रात एक जंगली हाथी ने भीषण उत्पात मचाया। हाथी के हमले में एक ही परिवार के पांच लोगों समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा पास के दूसरे परिवार का एक सदस्य भी हाथी के हमले का शिकार हो गया। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगली हाथी अचानक गांव में घुस आया और कच्चे मकानों को तोड़ते हुए लोगों पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
बताया जा रहा है कि झारखंड में बीते कुछ दिनों में हाथियों के हमलों में अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय व्याप्त है और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।


