बुजुर्ग की हत्या कर पेड़ पर लटकाई लाश:घर से खींचकर ले गए 4 बदमाश; बेरहमी से पीटा, फिर मार डाला

कांकेर शहर के नजदीक घोटिया गांव में गुरुवार रात 4 अज्ञात लोगों ने बुजुर्ग की घर से निकालकर हत्या कर दी और शव को पेड़ पर लटका दिया। घटना रात करीब साढ़े 12 बजे की बताई जा रही है। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर जांच शुरू की।

घोटिया गांव का रहने वाला बुजुर्ग दरियाव कुमेटी (70 वर्ष) अपनी पत्नी महंती और मां के साथ खेत के नजदीक बने कच्चे मकान में सोया हुआ था, तभी रात करीब साढ़े 12 बजे 4 अज्ञात नकाबपोश लोग उनके घर पहुंचे और बुजुर्ग को बाहर बुलाया। बुजुर्ग के बाहर आते ही उन्होंने उसकी पत्नी को घर के भीतर ही बंद कर दिया और बुजुर्ग को खींचते हुए अपने साथ ले गए। बुजुर्ग की पत्नी आवाज लगाती रही, लेकिन सुनने में असमर्थ उसकी सास को घटना के बारे में पता ही नहीं चल सका। सुबह जब सास सोकर उठी, तो उसने दरवाजा खोला, तब जाकर बुजुर्ग दरियाव की पत्नी ने अपने बेटे को खबर भेजी।

.

Recent Stories