छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आज से कांग्रेस के संकल्प शिविर की शुरुआत हो रही है। पहले चरण में जिले की तीन विधानसभा सीटों पर बिल्हा से आयोजन की शुरुआत होगी। तखतपुर के बाद बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में शिविर होगा।
शिविर में AICC की महासचिव कुमारी सैलजा, सह प्रभारी डॉ. चंदन यादव, विजय जांगिड़ के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष दीपज बैज, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू के साथ बूथ कमेटी के पदाधिकारियों को जरूरी टिप्स देने के लिए प्रशिक्षक शामिल होंगे।
शिविर में बूथ प्रबंधन के साथ ही गठित कमेटियों और कामकाज को लेकर बूथ कमेटी के पदाधिकारियों से दिग्गज कांग्रेसी नेता सीधी बात करेंगे। ब्लॉक अध्यक्ष यह तय करेंगे कि प्रत्येक पोलिंग बूथ से कम से कम 10 सदस्य शिविर में उपस्थिति दर्ज कराएं। बूथ के पदाधिकारियों को अपने बूथ के संबंध में और समय-समय पर संगठन द्वारा दिए गए कामकाज के संबंध में पूरी जानकारी के साथ आने की बात कही गई है। बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र का शिविर व्यापार विहार त्रिवेणी सभा भवन परिसर में दोपहर दो बजे से आयोजित होगा।
कांग्रेस नेताओं के साथ तीन हजार कार्यकर्ता रहेंगे मौजूद
दावा किया गया है कि इस शिविर में शहर व गांव-गांव से बूथ स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को बुलाया जाएगा। जिन्हें प्रशिक्षकों के जरिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में हर विधानसभा में तीन-तीन हजार लोगों को बुलाने का टारगेट दिया गया है।
इन मुद्दों पर प्रशिक्षक करेंगे बात
- बूथ कमेटियों से पोलिंग बूथ प्रबंधन पर चर्चा की जाएगी।
- राज्य सरकार की उपलब्धियां, समय-समय पर चलाए जाने वाले संगठनात्मक कामकाज, कांग्रेस की नीतियां और कार्यक्रमों पर बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों से बात होगी।
- प्रदेश भाजपा की बीते 15 वर्ष की सरकार के दौरान किए गए भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों पर चर्चा की जाएगी।
- केंद्र सरकार के भ्रष्टाचार एवं जनविरोधी नीतियों पर प्रत्येक बूथ कमेटी के पदाधिकारियों से बातचीत की जाएगी। AICC महासचिव व प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा होंगी शामिल।
मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य
- प्रत्येक मतदान केंद्र से कम से कम 10 कार्यकर्ता जिसमें बूथ कमेटी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, सोशल मीडिया समन्वयक, बीएलए, दो पोलिंग एजेंट और प्रत्येक अनुभाग से एक कार्यकर्ता अनिवार्य रूप से उपस्थित होंगे।
- युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस सेवादल, एनएसयूआइ और कई प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, विधायक, विधायक, सांसद के प्रत्याशी व वर्तमान उम्मीदवार. प्रत्येक ब्लाक, जिले के प्रवक्ता और वक्ता, सोशल मीडिया के पदाधिकारी।
- विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले प्रदेश, जिला के पदाधिकारी, ब्लॉक, जोन, सेक्टर के अध्यक्ष, प्रभारी और पदाधिकारी, पंचायत, निकाय, मंडी, सहकारी समिति एवं निगम, मंडल के पदाधिकारी।
टिकट वितरण के बाद एकजुटता दिखाने दिलाएंगे संकल्प
- शिवर में मुख्य रूप से विधानसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण के बाद एकजुटता से प्रत्याशियों को जिताने का संकल्प दिलाएंगे।
- गुटबाजी से दूर रहने की हिदायत दी जाएगी।
- शिविर परिसर में किसी भी पदाधिकारी के बैनर होर्डिंग्स नहीं होंगे। पीसीसी द्वारा निर्धारित बैनर लगेंगे। शिविर स्थल के बाहर और शहर में बैनर, होर्डिंग्स लगा सकते हैं।
- शिविर स्थल में किसी भी प्रकार की नारेबाजी करना प्रतिबंधित होगा, निर्धारित नारे ही लगाए जाने की अनुमति रहेगी। शिविर की तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटे रहे कांग्रेस नेता और विधायक शैलेष पांडेय।
पहले दिन यहां होगा आयोजन
- बिल्हा विधानसभा क्षेत्र- मंडी परिसर बिल्हा
- तखतपुर विधानसभा क्षेत्र- मंडी परिसर तखतपुर
- बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र- व्यापार विहार त्रिवेणी परिसर
कल तीन विधानसभा में होगा शिविर
- कोटा विधानसभा क्षेत्र-कृषि उपज मंडी के पास प्राइवेट स्कूल
- बेलतरा विधानसभा क्षेत्र-स्व बीआर यादव स्टेडियम बहतराई
- मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र-कृषि उपज मंडी परिसर जयरामनगर


