वन नेशन-वन इलेक्शन पर बनी कमेटी की बैठक आज:पॉलिटिकल पार्टियों के सुझावों पर चर्चा हो सकती है

तस्वीर 23 सितंबर की है, जब दिल्ली के जोधपुर ऑफिसर्स हॉस्टल में वन नेशन-वन इलेक्शन के लिए बनाई कमेटी की बैठक हुई थी। - Dainik Bhaskarकेंद्र सरकार की ओर से बनाई गई हाई लेवल कमेटी आज वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर बैठक करेगी। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इस कमेटी की अध्यक्षता कर रहे हैं। बैठक में कमेटी बनने से अब तक वन नेशन-वन इलेक्शन को लागू करने की दिशा में किए गए प्रयासों पर चर्चा होगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस अनौपचारिक बैठक का कोई लिखित एजेंडा सामने नहीं रखा गया है। माना जा रहा है कि बैठक में वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर राजनीतिक पार्टियों की ओर से दिए गए सुझावों पर भी विचार किया जा सकता है।

23 सितंबर को हुई थी पहली बैठक
दरअसल, केंद्र सरकार ने 2 सितंबर को यह कमेटी बनाई। 23 सितंबर को दिल्ली के जोधपुर ऑफिसर्स हॉस्टल में कमेटी की पहली बैठक हुई। इसमें गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व सांसद गुलाम नबी आजाद समेत 8 मेंबर शामिल हुए।

कमेटी ने अपनी पहली बैठक में इस मुद्दे पर देश की राजनीतिक पार्टियों की राय जानने का फैसला किया था। इसके लिए कमेटी ने देश की 46 पॉलिटिकल पार्टियों को लेटर लिखकर उनके विचार मांगे थे। इसमें 6 नेशनल पार्टियां, 33 राज्य स्तर की पार्टियां और 7 गैर मान्यता पार्टी दल हैं।

कमेटी ने वन नेशन-वन इलेक्शन पर पार्टियों की ओर से भेजे गए विचारों पर बातचीत के लिए एक दिन भी तय किया था। कुछ पार्टियों की ओर जवाब न मिलने पर कमेटी ने उन्हें रिमाइंडर भी भेजा था। समिति ने एक साथ चुनाव कराने के मुद्दे पर लॉ कमीशन के विचार सुने, इस मुद्दे पर दोबारा लॉ पैनल को बुलाया जा सकता है।

.

Recent Stories