रायपुर. छत्तीसगढ़ समेत कई राज्य इन दिनों शीतलहर की चपेट में है. मौसम विभाग ने 10 जनवरी तक कड़ाके की ठंड और घने कोहरे पड़ने की आशंका जताई है. वहीं दिल्ली एनसीआर के आसपास के क्षेत्रों में भी घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है, जिसके कारण राजधानी और एनसीआर के स्कूलों की छुट्टियों को बढ़ाकर 15 जनवरी के बाद से खोलने के निर्देश दिए गए हैं.
बिलासपुर समेत उतरी छत्तीसगढ़ में कड़ाके की सर्दी है. न्यूनतम तापमान रात में 2 डिग्री तक पहुंच गया है. उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण छत्तीसगढ़ के कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, पेंड्रा रोड, कवर्धा, दुर्ग में मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है. कई क्षेत्रों मे घना कोहरा पड़ने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों के इलाकों मे शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड, उत्तरी राजस्थान, बिहार के अलग-अलग इलाकों में भीषण कोहरे की संभावना जताई गई है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी


