BSP के लोहे से बनेगा बुलेट ट्रेन का कॉरिडोर:मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना के लिए यहीं से TMT की सप्लाई; अब तक 65 हजार टन माल भेजा गया

गुणवत्ता और सभी मानकों में खरा लोहा उत्पादन करने में भिलाई स्टील प्लांट ने एक बार फिर से अपना लोहा मनवा दिया है। यही कारण है कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर परियोजना के लिए बीएसपी के टीएमटी बार्स की भारी डिमांड है। बीएसपी अब तक यहां 65 हजार टन टीएमटी बार्स की आपूर्ति कर चुका है। इसके बाद भी वहां लगातार इसकी डिमांड बनी हुई है।

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र, भूकंप और क्षयरोधी गुणों के साथ उच्च शक्ति वाले टीएमटी बार्स का उत्पादन करता है। इसकी वजह से इसके लोहे का उपयोग राष्ट्रीय महत्व की बड़ी परियोजनाओं सहित बांध, पुल, फ्लाईओवर, एक्सप्रेसवे, सुरंग आदि के निर्माण में प्रयोग होता है। हाल के दिनों में 32 टीएमटी बार्स के तीन रेक बीएसपी से अहमदाबाद के लिए डिस्पैच किए गए हैं। भारत की पहली निर्माणाधीन हाई-स्पीड रेल लाइन परियोजना के लिए अब तक विभिन्न आयामों में 65,000 टन से अधिक टीएमटी बार्स की आपूर्ति की जा चुकी है।

बीएसपी के टीएमटी बार्स का उपयोग हाई स्पीड रेल कॉरिडोर परियोजना के पियर्स और गर्डर के निर्माण में किया जा रहा है। यह बुलेट ट्रेन के रेल कॉरिडोर बिछाने के लिए बनाए जा रहा है। यह स्ट्रक्चर स्टील पुलों की भार वहन क्षमता को सपोर्ट करेगा। बीएसपी यहां के लिए 8 मिलीमीटर, 10 एमएम, 12 एमएम, 16 एमएम, 20 एमएम, 25 एमएम और 32 एमएम के आकारों का टीएमटी बार्स सप्लाई कर चुका है। इनमें से 25 एमएम और 32 एमएम की बार्स की रोलिंग प्लांट की मर्चेंट मिल में और शेष रोलिंग संयंत्र के मोडेक्स यूनिट, बार एंड रॉड मिल में किया गया है

508 किलोमीटर लंबी है बुलेट ट्रेन की यह परियोजना

मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर 508 किलोमीटर लंबा है। यह महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे और पालघर से होते हुए गुजरात में वलसाड, नवसारी, सूरत, भरूच, वड़ोदरा, आनंद, खेड़ा और अहमदाबाद होकर गुजरेगा। इस पर चलने वाली बुलेट ट्रेन 320 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से दौड़ेगी। यह ट्रेन 508 किमी की दूरी को महज 2 घंटे 7 मिनट में तय करेगी। एमएएचएसआर परियोजना का यह निर्माण नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, लार्सन एंड टुब्रो तथा आईएचआई इंफ्रास्ट्रक्चर सिस्टम्स कंसोर्टियम द्वारा किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 28 स्टील ट्रस ब्रिज का निर्माण किया जाएगा।

पूरे देश में डिमांड है बीएसपी के मोडेक्स टीएमटी बार्स की

बीएसपी की मोडेक्स इकाई से बने बार एंड रॉड मिल की डिमांड पूरे देश में है। यहां से नागपुर, विशाखापट्‌टनम, अहमदाबाद, हैदराबाद, गाजियाबाद और जयपुर जैसे बड़े शहरों में सप्लाई दी जा चुकी है। पूरे देश में बीएसपी के टीएमटी बार्स का उपयोग बांधों, पनबिजली एवं न्यूक्लियर पावर परियोजनाओं, पुलों, राजमार्गों, फ्लाईओवरों, सुरंगों और ऊंची इमारतों के अलावा, कुछ ऐतिहासिक परियोजनाएं जैसे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, बांद्रा वर्ली सी-लिंक सेतु आदि के निर्माण में भी किया गया है। आगरा एक्सप्रेसवे जिस पर लड़ाकू विमानों ने उड़ान भरी है तथा उत्तर-पूर्वी भारत में कई पुलों और सुरंगों के निर्माण में भी बीएसपी के टीएमटी बार्स का उपयोग किया गया है।

.

Recent Stories