Tuesday, December 9, 2025

मॉस्को-गोवा फ्लाइट में बम नहीं मिला, 10 घंटे तलाशी हुई:जामनगर एयरपोर्ट पर रातभर रही अफरा-तफरी, 10:30 बजे तक उड़ान भरेगी फ्लाइट

मॉस्को से गोवा आ रही रूसी एयरलाइन AZUR की फ्लाइट में सोमवार रात बम होने की सूचना मिली थी। देर रात पहुंची NSG की टीम ने 10 घंटे तक फ्लाइट, यात्रियों और क्रू मेंबर्स के सामान की तलाशी ली, लेकिन तलाशी में न तो बम मिला और न ही कुछ संदिग्ध मिला। बम की खबर झूठी निकली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार सुबह 10:30 से 11 बजे के बीच फ्लाइट गोवा के लिए उड़ान भरेगी।

फ्लाइट में बम की खबर मिलने के बाद फ्लाइट की गुजरात के जामनगर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। इसके चलते रातभर जामनगर एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी रही। बम निरोधक दस्ता, गुजरात पुलिस और फायर ब्रिगेड सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पहुंची थी। 244 यात्रियों और क्रू मेंबर को फ्लाइट से उतारा गया। इसके बाद से वे एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे थे।

सबसे पहले जानिए मामला क्या है… कब जानकारी मिली
फ्लाइट सोमवार दोपहर 12.30 बजे मॉस्को से गोवा के लिए उड़ी थी। रात 9:30 बजे के आसपास फ्लाइट में बम होने की खबर मिली। जब तक फ्लाइट भारतीय एयर स्पेस में प्रवेश कर चुकी थी। यह जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं। इसके बाद फ्लाइट को नजदीकी एयरपोर्ट जामनगर उतारने का फैसला किया गया। 20 मिनट बाद रात 9:50 पर फ्लाइट की लैंडिंग हुई। 10 बजे तक सभी यात्रियों को प्लेन से सुरक्षित उतार लिया गया। फ्लाइट को रात 11 बजे गोवा पहुंचना था।

गोवा ATC को धमकी का मेल मिला
गोवा एयर ट्रैफिक कंट्रोल को मेल के जरिए विमान में बम होने की सूचना मिली थी। हालांकि, अब तक पता नहीं चल सका है कि मेल किसने और क्यों किया था। AZUR की इस फ्लाइट में 236 यात्री सवार थे, ये सभी रूसी नागरिक हैं।

.

Recent Stories