मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कर्जत जामखेड से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राम शिंदे को शिकस्त मिली है। भाजपा प्रत्याशी ने बताया कि 1,243 वोटों से वह हारे हैं। कम मार्जिन से हारने के मामले में यह छठे नंबर पर आती है। भाजपा नेता ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अजित पवार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कहा है कि अगर वह इस चुनाव क्षेत्र में आते तो उनके भतीजे रोहित पवार चुनाव नहीं जीतते, ऐसे में चुनाव से पहले जो फैमिली एग्रीमेंट हुआ था, उसके तहत अजित पवार ने महायुति का धर्म नहीं निभाया है और उन्होंने अपने भतीजे रोहित पवार को सहयोग किया है।
भाजपा नेता ने कहा कि अजित पवार के विधानसभा क्षेत्र में रोहित पवार नहीं गए, जिसका मतलब निकलता है कि दोनों तरफ से फैमिली एग्रीमेंट किया गया था। यह धोखा होने के कारण हमारे समर्थकों में आक्रोश है। वे रो रहे हैं, खाना नहीं खा रहे हैं और आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। यह सब देखकर चुनाव हारने के बाद में कार्यकर्ताओं के बीच नहीं गया। मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा कि 2014 में हमारे नेता देवेंद्र फडणवीस थे, उनके नेतृत्व में यह सरकार आई थी। साल 2019 में भी उन्हीं को बहुमत मिला था। इस बार भी उनके नेतृत्व में भाजपा को 132 सीट मिली है। वही हमारे नेता और हमारी पार्टी हैं। आगे वह सीएम बनने वाले हैं।