महाराष्ट्र में गांव तक सड़क न बनने से परेशान एक रिटायर्ड फौजी ने सरकार से हेलिकॉप्टर खरीदने के लिए पैसे मांगे हैं। आर्मी के रिटायर्ड मेजर ने CM एकनाथ शिंदे को चिट्ठी लिखकर कहा है- हमारी बस्ती तक जाने के लिए सड़क नहीं है, इसलिए हमें हेलिकॉप्टर खरीदने के लिए सरकारी अनुदान दिया जाए। यहां गढ्ढों और कीचड़ की वजह से चलना मुश्किल होता है। अगर हेलिकॉप्टर दे दिया जाएगा, तो हम उड़ते हुए गढ्ढों को पार कर सकेंगे।
रिटायर्ड आर्मी मेजर दत्तू भापकर शेवगांव तहसील के सालवडगांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि यहां कि सड़क इतनी ज्यादा खराब है कि चल पाना भी मुश्किल है। रोड बनवाने के लिए पहले कई बार प्रशासन से निवेदन कर चुके हैं, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसलिए परेशान होकर उन्होंने सीधे CM को लेटर लिखकर हेलिकॉप्टर की मांग की।
उन्होंने बताया कि CM के अलावा लेटर की कॉपी शेवगांव के तहसीलदार, अहमदनगर के जिला अधिकारी, अहमदनगर दक्षिण के सांसद सुजय विखे और शेवगांव- पाथर्डी की विधायक मोनिका राजले को भी भेजी है।


