अनुराग ठाकुर बोले-राहुल की अटेंडेंस एवरेज से भी कम:फिर भी विदेश में जाकर कहते हैं कि संसद में बोलने नहीं दिया जाता, माफी मांगें

अडाणी-हिंडनबर्ग मामले पर JPC की मांग को लेकर संसद के दोनों सदनों में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी विपक्ष ने हंगामा किया। इसके बाद लोकसभा-राज्यसभा को पहले दोपहर दो बजे तक फिर उसके बाद बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इससे पहले सोमवार को भी इसी मामले पर सदन हंगामे की भेंट चढ़ गया था।

इधर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को राहुल गांधी पर निशाना साधा। ठाकुर ने कहा- लोकसभा में कांग्रेस सांसद की उपस्थिति सांसदों की औसत उपस्थिति से भी कम है और वे विदेशों में जाकर कहते हैं कि उन्हें बोलने नहीं दिया जाता। ये देश का अपमान है। उन्हें संसद में आकर माफी मांगनी चाहिए।

ठाकुर ने मीडिया ने बातचीत में कहा, ‘आज भारत एक वैश्विक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है और G20 की अध्यक्षता कर रहा है। ये सभी चीजें भारत की प्रगति को दर्शाती हैं, लेकिन दूसरी ओर राहुल गांधी भारत को अपमानित करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।’

सोमवार को बजट सत्र शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गया। मंगलवार को भी JPC की मांग को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया।
सोमवार को बजट सत्र शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गया। मंगलवार को भी JPC की मांग को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया।

अधीर रंजन चौधरी बोले- राहुल नहीं, सरकार माफी मांगे
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने मंगलवार को कहा कि सरकार संसद नहीं चलाना चाहती। क्या कभी ऐसा देखा गया है कि सत्ताधारी दल के सभी सदस्य संसद को रोकने के लिए हंगामा करते हों? राहुल गांधी को माफी क्यों मांगनी चाहिए? इसके बजाय, उन्हें (केंद्र को) माफी मांगनी चाहिए।

शशि थरूर बोले- विदेश में इस तरह के बयान की शुरुआत भाजपा ने की
वहीं, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी राहुल का बचाव किया। थरूर ने कहा- राहुल ने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में ऐसा कुछ नहीं कहा जिसके लिए माफी की जरूरत हो। उन्होंने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है। प्रधानमंत्री ने विदेशों में राहुल से कहीं ज्यादा बढ़कर बयान दिए हैं। विदेशों में इस तरह की चर्चाओं की शुरुआत भाजपा ने की है, कांग्रेस ने नहीं।

सत्र शुरू होने से पहले विपक्षी पार्टियों ने संसद के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं TMC सांसदों ने अडाणी मामले पर कांग्रेस और बाकी विपक्षी दलों से अलग होकर प्रदर्शन किया।
सत्र शुरू होने से पहले विपक्षी पार्टियों ने संसद के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं TMC सांसदों ने अडाणी मामले पर कांग्रेस और बाकी विपक्षी दलों से अलग होकर प्रदर्शन किया।

आज के बड़े अपडेट्स

  • मंगलवार को भी अडाणी मामले को लेकर विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा और राज्यसभा पहले दोपहर दो बजे तक उसके बाद बुधवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को संसद में अपने टॉप मंत्रियों के साथ बैठक की। इसमें केंद्रीय कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी शामिल हुए।
  • राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सबसे पहले ऑस्कर अवॉर्ड जीतने पर RRR की टीम को सांसदों ने बधाई दी। फिल्म के राइटर वी विजयेन्द्र भी राज्यसभा सांसद हैं।
  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण राज्यसभा में 2022-23 के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के संबंध में अनुदान की अनुपूरक मांगें पेश करेंगी।
  • तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने सत्र शुरू होने से पहले महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने अडाणी-हिंडनबर्ग मामले को लेकर प्रदर्शन किया।
  • AAP और तेलंगाना के CM की पार्टी BRS ने भी अडाणी-हिंडनबर्ग मामले में JPC की मांग को लेकर संसद के मुख्य दरवाजे पर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस ने मंगलवार को अडाणी मामले में JPC की मांग को लेकर दिल्ली में LG हाउस का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकते सुरक्षाकर्मी।
.

Recent Stories