दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक व्यक्ति की हत्या और उसके शव को बैग में भरकर नाले में फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी। आरोपियों की पहचान सुभम और फातमा के रूप में हुई। उन्होंने कहा कि उनका तीसरा सहयोगी सन्नी फरार है।
पुलिस ने बताया कि उन्हें उत्तम नगर के शिव विहार में डंपयार्ड के सामने नजफगढ़ नाले में एक बड़ा बैग फेंके जाने की सूचना मिली थी। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। वहां उन्हें एक बैग मिला, जिसका इस्तेमाल ईकॉमर्स साइट द्वारा डिलीवरी के लिए किया जाता है। बैग के अंदर उन्हें एक 20 साल की उम्र के आसापास के लड़के का शव मिला।
किसी बात को लेकर हाथापाई हुई और मारा गया: पुलिस
पुलिस ने आगे बताया कि शव की पहचान हो गई है। वह विकास नगर निवासी उमेश का शव है। जांच में पता चला कि वह रविवार की शाम अपने जानकार सन्नी के कमरे पर गया था। सन्नी नशीली चीजों का आदि था। उसके कमरे पर अन्य लोग भी मौजूद थे। वहां उनके बीच किसी बात को लेकर हाथापाई हुई और वह मारा गया। इसके बाद तीनों ने मिलकर उसका शव सोमवार को नाले में फेंक दिया।